बिजली विभाग: बरेली में भ्रष्टाचार की लाइन चालू...दौड़ रहा है रिश्वत का करंट, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जेई पर तीन घरों में बिजली चोरी पकड़ने के बाद 20-20 हजार रुपये लेकर मामला रफादफा करने का आरोप, अफसर बोले- जांच कराएंगे

बरेली, अमृत विचार। लोगों के घरों में घोषित शेड्यूल के तहत बिजली पहुंचती हो या न पहुंचती हो मगर बिजली विभाग में भ्रष्टाचार की लाइन में लगातार करंट दौड़ता रहता है। इसी कारण तीन घरों में बिजली चोरी पकडे़े जाने के बाद जेई का उन्हें 20-20 हजार रुपये की रिश्वत लेकर छोड़ देने की घटना को नई खबर बताना उतना दुरुस्त नहीं होगा, जितना इस पुराने सवाल को दोहराना कि बिजली विभाग में रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के मामले ऊपर तक पहुंचने के बावजूद आखिर कार्रवाई क्यों नहीं होती।

वैसे, रिश्वतखोरी का ताजा मामला नकटिया सबस्टेशन का है जहां कुछ ही दिन पहले एक लाइनमैन ने जेई और एसडीओ पर रिश्वतखोरी का आरोप लगाया था, अब उपभोक्ताओं ने भी आरोप लगाए हैं। मोहनपुर के रेहान खान का आरोप है कि 23 मार्च को जेई टीम के साथ चेकिंग आए थे। उन्होंने पांच घरों में चेकिंग की और दो घरों में बकाया होने पर कनेक्शन काट दिया।

तीन घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई लेकिन तीनों को 20-20 हजार रुपये लेकर छोड़ दिया गया। बिजली चोरी के मामले रिश्वत लेकर रफादफा करने के इस प्रकरण में एक ऑडियो भी वायरल हुआ है। इसके बाद मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचा है जिसके बाद इसकी जांच कराने की बात कही जा रही है।

ऑडियो : हां, भाई जेई ने मुझसे 20 हजार लिए (संविदाकर्मी और उपभोक्ता की बातचीत)
संविदाकर्मी पूछता है, भाई ईमानदारी से बताना कितने रुपये लिए तुमसे। उपभोक्ता जवाब देता है- 20 लिए हैं। संविदाकर्मी फिर पूछता है- 20 हजार लिए हैं, इस पर जवाब मिलता है- हां। फिर पूछा जाता है, कलीम भाई लेकर गए हैं रुपये, जवाब मिलता है- भाई ने दिए हैं, यह नही पता कौन ले गया लेकिन दिए हैं 20 हजार। संविदाकर्मी कहता है- अब आगे चेकिंग हो और पकड़ जाओ कोई बात नही है लेकिन जिसे पैसे दो, उसका वीडियो रिकॉर्ड जरूर कर लेना। इस पर जवाब मिलता है- ठीक है। (अमृत विचार इस ऑडियो की पुष्टि नही करता।)

हर कनेक्शन पर जेई को चाहिए आठ सौ रुपये
एक लाइनमैन से पूछा जाता है कि कनेक्शन देने के लिए जेई साहब को कुछ देना पड़ता है क्या, जवाब मिलता है- हां, देना पड़ता है। फिर सवाल होता है कि कितने लेते हैं। लाइनमैन कहता है कि एक कनेक्शन पर उन्हें आठ सौ रुपये चाहिए होते हैं।

शिकायत- खुद कनेक्शन दिया, धमकाकर पैसे भी ले लिए
बिथरी चैनपुर के मो. यामीन का आरोप है कि दो महीने पहले जेई ने खुद उनके घर में कनेक्शन दिया था। कुछ दिन पहले वह उनके घर पहुंचे और कहने लगे कि उनका कनेक्शन गलत हुआ है और वह अवैध रूप से बिजली जला रहे हैं। जेई ने कानूनी कार्रवाई की धमकी देकर उनसे 30 हजार रुपये ले लिए। यामीन ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की है।

उपभोक्ताओं से अवैध रूप से पैसे लेने का मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी। अगर आरोप सही पाए गए तो दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी--- अशोक कुमार चौरसिया, अधीक्षण अभियंता।

यह भी पढ़ें- बरेली: मौसम में बदलाव से डायरिया के मरीज घटे, ठंडक का असर होने पर बच्चे हो रहे स्वस्थ

संबंधित समाचार