Kanpur Dehat और Auraiya में हुए सड़क हादसों में पांच की मौत व आठ घायल, घटना से परिजनों में मची चीख-पुकार
कानपुर देहात और औरैया में हुए सड़क हादसों में पांच की मौत व आठ घायल।
कानपुर देहात और औरैया में हुए सड़क हादसों में पांच की मौत व आठ घायल हो गए। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भिजवाया।
कानपुर टीम, अमृत विचार। कानपुर देहात और औरैया में हुए सड़क हादसों में पांच की मौत हो गई। जबकि आठ लोग घायल हो गए। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल शुरू की।
कानपुर देहात
कार की टक्कर से ऑटो सवार की मौत, छह घायल
हांसेमऊ गांव के समीप नेशनल हाइवे पर कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया और बैठी सवारियों में चीख पुकार मच गई। लोगों ने ऑटो से घायलों को बाहर निकाला और पुलिस की मदद से सीएचसी पुखरायां भेजा। जहां डॉक्टर ने एक घायल को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं छह घायलों में चार घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
सिकंदरा क्षेत्र के खोजाफूल के पास औरैया-कानपुर नेशनल हाइवे पर ट्रक ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
खेत से लौट रही महिला को वाहन ने मारी टक्कर, मौत
सट्टी थाना क्षेत्र के कल्लनपुर गांव निवासी महिला मूंग की फसल की रखवाली करके घर जा रही थी। तभी सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही महिला की मौत हो गई।
डंपर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, भाई घायल
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के रहनियापुर गांव निवासी रजनी रविवार को रिश्ते के भाई के साथ बाइक पर बैठकर मायके जा रही थी। तभी अकबरपुर कस्बे के केटीएन के पास डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे महिला मौत हो गई। जबकि भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
औरैया
बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर बाइक सवार हादसे का हुए शिकार
सदर कोतवाली के बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में एक भाई सड़क पर जा गिरा और उसके सीने में लोहे का एंगल घुस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया।
चित्रकूट के कर्वी थाना के गांव सीतापुर बांध तालाब निवासी चिंतामणि के दो बेटे 24 वर्षीय शिवम व 22 वर्षीय पवन दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। दिल्ली में ही रोहणी सेक्टर 26 में परिवार सहित रहते हैं। दो मई को बहन लक्ष्मी की शादी गांव से हुई थी तो पूरा परिवार गांव में ही था। शादी कार्यक्रम निपटने के बाद रविवार को शिवम व पवन बाइक से दिल्ली के लिए निकले।
बताते हैं कि रास्ते में दोनों ने बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर सेल्फी भी ली। इसके बाद एक्सप्रेस वे पर मिहोली गांव के निकट बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। तो बाइक पर पीछे बैठा पवन उछ्लकर पास लगे एंगल पर जा गिरा जिससे उसके सीने पर काफी चोटें आईं और उसने दम तोड़ दिया।
वहीं बाइक चला रहे शिवम को भी चोटें आई हैं। राहगीरों की सूचना पर पुलिस आई और एम्बुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों में पवन को मृत घोषित कर दिया और शिवम का उपचार किया। फोन से परिजनों को सूचना दी। जिससे परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
