Ganga Dussehra Accident: Farrukhabad में गंगा में डूबने से तीन की मौत, गोताखोर दो की कर रहे तलाश, परिजन हुए बेहाल
फर्रुखाबाद में गंगा में डूबने से तीन की मौत।
फर्रुखाबाद में गंगा में डूबने से तीन की मौत हो गई। जबकि गोताखोर दो की तलाश कर रहे है। घटना के बाद से परिजन बेहाल हो गए।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। फर्रुखाबाद में गंगा में डूबने से तीन की मौत हो गई। जबकि गोताखोर दो की तलाश कर रहे है। घटना के बाद से परिजन बेहाल हो गए।
ढाई घाट पर तीन दोस्त डूबे, बीफार्मा छात्र की मौत
गंगा दशहरा पर ढाईघाट पर दोस्तों के साथ गंगा स्नान करते समय बीफार्मा के छात्र की डूबने से मौत हो गई। दो दोस्तों को स्नान कर रहे लोगों ने हाथ पकड़ कर बाहर निकाल लिया। बीफार्मा छात्र के शव को गोताखोरों ने चार घंटा मशक्कत कर गंगा से बाहर निकाल लिया। शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष ने परिजनों से घटना की जानकारी की। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव घर ले गए।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव नगला गोदाम निवासी प्रेम चंद्र शाक्य का 20 वर्षीय पुत्र रजत शाक्य बीफार्मा का छात्र था। गांव के अपने दोस्तों के साथ वह दशहरा पर ढाई घाट पर गंगा नहाने सुबह 7 बजे गया था। उसके साथ बाबा गुरु सहाय भी गए थे। रजत गंगा स्नान करते समय गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। डुबकी लगती देखकर साथ में स्नान कर रहे दोस्त वंश व योगेश और ताऊ के लड़का आदित्य ने देख लिया। दोस्त वंश और योगेश ने रजत को बचाने का प्रयास किया। तो वह दोनों भी डूबने लगे।
उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं ने जैसे तैसे वंश और योगेश को हाथ पकड़ कर बाहर निकाल लिया। रजत गंगा में डूब गया। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने गोताखोरों को रजत की खोज में लगाया। चार घंटे कड़ी मशक्कत कर रजत को गंगा से बाहर निकाल लिया। घटना की जानकारी पर परिजन घाटमपुर पहुंच गए। रजत को लेकर वह सीएचसी शमसाबाद गए। वहां डाक्टर ने रजत को मृत घोषित कर दिया।
इससे परिजनों में कोहराम मच गया। सीएचसी पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। रजन दो भाई और एक बहन है। मां सुशीला देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले गए। थानाध्यक्ष मनोज कुमार भाटी ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। इस कारण पंचनामा भरने की कार्रवाई नहीं की गई।
गंगा में पांच डूबे, एक को बचाया, दो की मौत
पांचालघाट गंगा तट पर स्नान करते समय पांच युवक डूब गए। स्नान कर रहे श्रद्धालुओं ने एक युवक को हाथ पकड़ कर गहरे पानी से बाहर खींच लिया। इससे उसकी जान वच गई। चार युवकों की खोज के लिए पुलिस ने गोताखोरों को गंगा में उतारा। तीन घंटे का मशक्कत कर गोतोखारों ने दो युवकों को खोज कर बाहर निकाल लिया। परिजन उनको लेकर लोहिया अस्पताल गए। जहां डाक्टर ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। दो युवकों की देर शाम तक गंगा में गोताखोर खोज करते रहे।
गंगा दशहरा के पर्व पर पांचालघाट पर आसपास जिलों से काफी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान करने मंगलवार को पहुंचे। कोतवाली फतेहगढ़ के मोहल्ला नेकपुर कलां निवासी हरिराम का 19 वर्षीय पुत्र अनुज उर्फ होरीलाल भाई अन्नू के साले कमालगंज क्षेत्र के गांव शेखपुर रूस्तमपुर निवासी अनूप के साथ गंगा स्नान करने गया था। दोनों लोग नहाते हुए गहरे पानी में चले गए।
जिससे दोनों को डुबकी लगने लगी। अनूप की चीख सुनकर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं ने नाविक के माध्यम से हाथ पकड़ कर अनूप को गहरे पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन अुनज उर्फ होरीलाल गंगा में डूब गया। जिला कन्नौज् के थाना छिबरामऊ क्षेत्र के गांव बहवलपुर निवासी श्रीपाल का 18 वर्षीय हपुत्र विजय नागर, मां मीनादेवी, चाची शीलादेवी व चचेरे भाई नितिन के साथ गंगा स्नान करने आया था। गंगा में स्नान करते समय विजय नागर गहरे पानी में जाने से डूबने लगा। यह देखकर मां, चाची और भाई चीख पुकार करने लगे।
नाविकों ने बचाने का प्रयास किया, तब तक विजय नागर गंगा में डूब गया। परिजनों ने इसकी जानकारी पांचालघाट चौकी पर दी। पुलिस घाट पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर उनकी खोज कराई। करीब तीन से चार घंटा मशक्कत करने के बाद गोताखोरों ने अनुज उर्फहोरीलाल और विजय नागर को खोज कर गंगा से बाहर निकाल लिया। दोनों को उनके परिजन लोहिया अस्पताल लेकर गए। वहां डाक्टर ने अनुज उर्फ होरीलाल और विजय नागर को मृत घोषित कर दिया।
इससे परिजनों में कोहराम मच गया। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नेकपुर चौरासी निवासी सुरेश पाल का 17 वर्षीय पुत्र अभिषेक पाल गंगा स्नान करते समय गहरे पानी में जाने से डूब गया। आगरा जिला के एतमादपुर निवासी कालीचरन का 22 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र के रिश्तेदार बाग लकूला में रहते हैं। वह उसके घर आया था। गंगा दशहरा पर वह पांचालघाट गंगा स्नान करने गया। गंगा में स्नान करते समय वीरेंद्र गहरे पानी में जाने से डूब गया। घटना की जानकारी पर वीरेंद्र व अभिषेक के परिजन घाट पर पहुंच गए।
गोताखोरों से दोनों की तलाश कराई जा रही है। देर शाम तक वीरेंद्र व अभिषेक का पता नहीं चला। दोनों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं हरिराम ने बताया कि अनुज उर्फ होरीलाल छह पुत्रों में सबसे छोटा था। मां मालती देवी का पुत्र अनुज उर्फ होरीलाल का शव देखकर रो-रो कर बुरा हाल हो गया। श्रीपाल ने बताया कि पुत्र विजय नागर ने इसी साल इंटर मीडिएट पास किया था।
महिला व युवक भीड़ में खो गए, परिजन खोजने में जगे
परिजनों के साथ गंगा स्नान करने पांचालघाट आए एक महिला और एक युवक भीड़ में खो गए। परिजन उनकी तलाश करने में लगे रहे, लेकिन उनका पता नहीं चला। परिजनों ने इसकी जानकारी पांचालघाट चौकी पर दी।
फिरोजाबाद जिले के थाना लाइनपार क्षेत्र के नगला विष्णु निवासी रामनरेश की पत्नी प्रवेश कुमारी भाई विकास समेत परिवार के 14 लोगों के साथ पांचालघाट गंगा स्नान करने आई थी। पांचालघाट पर सीढ़ी नंबर एक पर सभी लोग खड़े थे। अचानक प्रवेश कुमारी भीड़ में खोज गई। परिजन उसकी तलाश करने लगे। काफी देर तक प्रवेश कुमारी का पता नहीं लगा तो परिजनों ने पांचालघाट चौकी पर जानकारी दी।
वहीं मैनपुरी जिले के थाना भोगांव के रामनगर निवासी सर्वेंद्र कुमार का 20 वर्षीय पुत्र सुरजीत गंगा स्नान करने पांचालघाट पर दोस्त विपिन के साथ गया था। सुरजीत भीड़ में कहीं खो गया। दोस्त विपिन उसको खोजता रहा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। विपिन ने दोस्त सुरजीत के खो जाने की सूचना पांचालघाट चौकी पर दी।
