Kannauj Accident : नींद और रफ्तार से हो रहे हादसे, एक्सप्रेस वे पर पलटी कार, नौ घायल, पढ़ें- पूरी खबर
कन्नौज में कार पलटने से नौ घायल।
कन्नौज में कार पलटने से नौ लोग घायल हो गए। जिसमें चार को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
कन्नौज, अमृत विचार। बिहार से राजस्थान जाते समय एक्सप्रेसवे वे पर चालक को झपकी आ गई। इससे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में एक ही परिवार के नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चार को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
राजस्थान के सीकर जनपद के खंडेला थाना क्षेत्र के रामपुरा गांव निवासी मूलचंद्र पुत्र सूरजमल, परिवार के मोहनलाल, सुरेश, गणेश, सावित्री देवी, बिट्टू देवी, गुलशन, रामऔतार एवं ड्राइवर बंसीलाल के साथ बिहार के गया गए थे। शुक्रवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के रास्ते से घर जा रहे थे। तभी किमी.158 पर पहुंचने पर चालक को झपकी आ गई। इससे वह स्टेयरिंग से नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
हादसे में उपरोक्त सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे यूपीडा के अधिकारियों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से गंभीर हालत में मोहनलाल, सुरेश, सावित्री, एवं ड्राइवर बंशीलाल को मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर किया गया है। क्षतिग्रस्त वाहन को टोल प्लाजा पर खड़ा करा दिया।
