किराए पर एटीएम लेकर मशीन में करते छेड़छाड़, ट्रांजेक्शन फेल दिखाने पर बैंक में कॉल कर पैसे खाते में मंगाते, पुलिस के सामने ठगों ने कबूला
हमीरपुर में एटीएम में छेड़छाड़ कर रुपये निकालने वाला गिरोह पुलिस का खुलासा।
हमीरपुर में एटीएम में छेड़छाड़ कर रुपये निकालने वाला गिरोह पुलिस का खुलासा। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
हमीरपुर, अमृत विचार। एटीएम में छेड़छाड़ कर रुपये निकालने वाला गिरोह पुलिस के हाथ लगा है। पुलिस ने चार लोगों को पकड़ा है। यह अंतर्राज्यीय गिरोह बताया जा रहा है। वहीं दो आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए हैं। इनके पास से दो बाइकें, 15 एटीएम कार्ड व 20 हजार 100 रुपये सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस लाइन में मीडिया से वार्ता करते पुलिस अधीक्षक डा. दीक्षा शर्मा ने बताया कि एटीएम से फ्रॉड कर पैसे निकालने वाले अपराधियों का एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की शिकायतें लगातार मिल रहीं थी। जिस पर एसओजी, सर्विलांस व थाना पुलिस को अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगाया गया।
मुखबिर की सूचना पर बुधवार रात थाना कुरारा के पतारा गांव की तरफ से आ रहे दो बाइकों में सवार छह लोगों को टार्च की रोशनी में रोकने का प्रयास किया। टीम ने घायल हालत में कमल सिंह निषाद व हरिश्चंद्र निवासी ग्राम देवकली थाना कालपी जनपद जालौन, महेश निषाद निवासी गुढाखास थाना कालपी जनपद जालौन, कपूर निषाद निवासी ग्राम गोकुल डेरा थाना कुरारा को दबोच लिया। दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए।
एसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उनका एक अन्तर्राज्जीय गिरोह है। जो उप्र, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, दिल्ली, असम, कर्नाटक, गोवा, बैंगलोर जैसे प्रदेशों में जाकर घटनाओं को अंजाम देता है। आरोपियों ने बताया कि नौकरी देने का लालच देकर लोगों से रुपया मंगाते हैं। स्वयं और किराए पर कई लोगों से एटीएम लेते हैं।
स्क्रीन टच वाले एटीएम बूथ में एटीएम से रुपये निकालने की प्रक्रिया के दौरान जब रुपये ट्रे से बाहर आते हैं तो ले लेते हैं और उंगली का प्रयोग कर एटीएम मशीन के साथ छेड़छाड़ करते हैं। जिसके कारण रुपये का ट्रांजेक्शन फेल दिखाता है। इसके उपरांत वह संबंधित बैंक से कस्टमर केयर से बात कर अपनी शिकायत दर्ज कराते हैं तथा बैंक से पुनः निकाली गई धनराशि के बराबर धनराशि प्राप्त कर लेते हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगीं दो बाइकें, 15 एटीएम कार्ड, 20 हजार 100 रुपये सहित तीन मोबाइल बरामद किए हैं।
