कांग्रेस को बीजेपी व भारत के उभरते हुए नेतृत्व से बैर था : शाहनवाज हुसैन
प्रयागराज, अमृत विचार। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत मे पूर्व कैबिनेट मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस के मीडिया प्रभारी और महासचिव जयराम रमेश के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बीजेपी और भारत के उभरते हुए नेतृत्व से बैर था। अब कांग्रेस गीता प्रेस गोरखपुर के पीछे पड़ गई है। गीता प्रेस ने देश में प्रचार प्रसार का बहुत बड़ा काम किया है।
शाहनवाज ने कहा कि गीता प्रेस ने सनातन धर्म की पुस्तकों को छापकर बिना लाभ के उसका प्रचार प्रसार किया है। उन्होंने गीता प्रेस को केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2021 का गांधी शांति पुरस्कार देने की तुलना सावरकर और गोडसे को पुरस्कार दिए जाने से किए जाने की निंदा की।
उन्होंने कहा कांग्रेस अगर पुरस्कार के लिए अभिनंदन नहीं कर सकती तो उसे आलोचना का अधिकार कतई नहीं है। उन्होंने कहा कि हमें 4 लोकसभा का क्लस्टर बनाया गया है, जिसमें रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज की 2 लोकसभा सीटें शामिल हैं। यहां हमें प्रचार प्रसार के लिए मिला है।
यूपी में बिजली की अघोषित कटौती को लेकर विपक्ष के हमले पर कहा कि पूरे देश में भीषण गर्मी पड़ रही है। बिजली की खपत 2 से 3 गुना तक बढ़ गई है। यूपी में बिजली की कोई कमी नहीं है, लेकिन लोड बढ़ने से कई जगह तकनीकी खराबी आ रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ खुद मॉनीटर कर रहे हैं। एयर कंडीशन कमरों में बैठकर विपक्ष के नेता बयानबाजी कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें -भाजपा को हटाने के इच्छुक दल 'बड़े दिल' के साथ सपा की मदद करें : अखिलेश यादव
