पीलीभीत: दुकान पर गए कारीगर की मौत के बाद आखिर क्यों हुआ हंगामा, जानिए पूरा मामला 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार।  शटर की दुकान पर काम करने गए कारीगर की बृहस्पतिवार देर शाम करंट लगने से मौत हो गई। परिवार वालों ने जानबूझ कर दुकान पर करंट छोड़ने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इसकी सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंच गई और जानकारी जुटाई।

घटना के चलते हड़कंप मचा रहा। शहर के मोहल्ला हाथीखाना निवासी अजीम की लकड़ी मंडी में शटर बनाने की दुकान है। उसकी दुकान पर सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के नौगवां पकड़िया निवासी पप्पू का 17 वर्षीय पुत्र सोहेल शटर बनाने का कारीगर है।

बृहस्पतिवार देर शाम काम करने के दौरान सोहेल ने पंखा घुमाने की कोशिश की।  वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। दुकानदार और परिवार वाले आनन फानन में सोहेल को गांधी स्टेडियम रोड स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर सोहेल के परिवार वालों में चीख पुकार मच गई। परिजन ने इसे लेकर हंगामा कर दिया।

उनका आरोप था कि दुकानदार ने जानबूझकर पंखे में करंट दौड़ा दिया। इससे सोहेल की मौत हो गई। जबकि दूसरा पक्ष इसे हादसा बताता रहा।  इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाल नरेश त्यागी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की बात कही, तो परिवार वालों ने मना कर दिया। बाद में दोनों पक्षों के बीच कुछ लोग समझौता वार्ता कराने की कोशिश में लगे रहे। कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच करा रहे हैं।

ये भी पढे़ं-पीलीभीत: साहब, जिम्मेदार के संरक्षण में बाबू कर रहा भ्रष्टाचार..आखिर किस पर लगे गंभीर आरोप, जानिए पूरा मामला

संबंधित समाचार