तालिबानी नेता का दावा, अफगानिस्तान में महिलाओं का जीवन बेहतर बनाने के लिए उठाए गए कदम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इस्लामाबाद। तालिबान के सर्वोच्च नेता हिब्तुल्ला अखुंदजादा ने रविवार को संदेश जारी कर दावा किया कि उनकी सरकार ने अफगानिस्तान में महिलाओं का जीवन बेहतर बनाने के लिए कदम उठाए हैं। ईद-उल-अजहा के त्योहार से पहले कुछ दिन अखुंदजादा का एक बयान सार्वजनिक किया गया है। अखुंदजादा ने ईद के संदेश में कहा कि इस्लामी अमीरात के शासन में महिलाओं को जबरन विवाह समेत अनेक पारंपरिक अत्याचारों से बचाने के लिए ठोस उपाय किये गए हैं और “उनके शरिया अधिकारों की सुरक्षा की गई है।” 

संदेश में कहा गया है कि इसके अलावा "इस्लामी शरिया के अनुसार महिलाओं को सुखद और समृद्ध जीवन प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।" यह संदेश पांच भाषाओं अरबी, दारी, अंग्रेजी, पश्तो और उर्दू में वितरित किया गया है। अखुंदजादा ने कहा कि पिछले 20 वर्ष के दौरान महिलाओं के हिजाब पहनने को लेकर जो नकारात्मक धारणाएं थीं, वे जल्द खत्म हो जाएंगी। 

उन्होंने दावा किया, “एक स्वतंत्र और गरिमापूर्ण मानव के रूप में महिलाओं की स्थिति बहाल कर दी गई है और सभी संस्थाएं महिलाओं को विवाह, उत्तराधिकार और अन्य अधिकार हासिल करने में मदद करने के लिए आबद्ध हैं।”

 उल्लेखनीय है कि अगस्त 2021 में अमेरिका और नाटो सौनिकों के अफगानिस्तान से जाने के बाद, तालिबान ने देश की सत्ता पर कब्जा कर लिया था और 1990 के दशक के अपने पिछले शासनकाल की तुलना में अधिक उदारवादी शासन प्रदान करने का वादा किया था। हालांकि, उसने अपना यह वादा पूरा न करते हुए महिलाओं के काम करने और लड़कियों के शिक्षण संस्थान जाने पर पाबंदी लगा दी।

ये भी पढ़ें:- रूस की स्थिति पर जापान-अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों ने की चर्चा

संबंधित समाचार