Mahoba News: बुंदेली समाज ने लोकतंत्र सेनानियों को किया सम्मानित, आपातकाल के अपने कठिन अनुभव किए साझा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महोबा में बुंदेली समाज ने लोकतंत्र सेनानियों को किया सम्मानित।

महोबा में बुंदेली समाज ने लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया। लोकतंत्र सेनानियों ने कार्यक्रम में आपातकाल के अपने कठिन अनुभव साझा किए।

महोबा, अमृत विचार। बुंदेली समाज ने आपात काल दिवस पर सोमवार को बुंदेली समाज ने शहर के लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया एवं लोकतंत्र को बचाने के लिए 48 साल पहले किए गए उनके संघर्ष को नमन किया। इस मौके पर लोकतंत्र सेनानियों ने भी जेल जाने वाली अपनी संघर्ष गाथा सुनाकर आपातकाल के कठिन दौर की यादें सबको ताजा करा दी।

छजमनपुरा निवासी पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष व लोकतंत्र सेनानी सचीश चंद्र सक्सेना  उर्फ वाती बाबू के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में बजरिया के नाथूराम कुशवाहा ने बताया कि 1975 में जब देश में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाया, उस समय वे बांदा समाचार नाम से एक अखबार निकालते थे।

अपने अखबार में उन्होंने मंत्री जी के खिलाफ समाचार लिख दिया था, उससे नाराज होकर प्रशासन ने मुझे जेल में डाल दिया एवं अपराधियों जैसा व्यवहार किया। उनका अखबार और प्रिंटिंग प्रेस दोनों बंद हो गए। लोकतंत्र सेनानी हरीश पुरवार ने बताया कि उनको सरकार की नीतियों के खिलाफ छपे पर्चे बांटने के जुर्म में पकड़कर जेल भेज दिया गया। साढ़े सात महीने बाद जब मैं जेल से छूटा तो लोग डर के मारे उनके नमस्ते का जवाब भी नहीं देते थे। लोगों को लगता था कि हमसे मिलने पर कहीं उनको पुलिस न पकड़ ले जाए।

लोकतंत्र सेनानी ओमप्रकाश नामदेव बताते हैं कि सरस्वती शिशु मंदिर में बतौर शिक्षक उनका दूसरा दिन था। पुलिस आई और सभी आचार्यों को स्कूल से पकड़कर ले गई। वे 6 महीने जेल में रहे। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सचीश चंद्र सक्सेना ने बताया कि उनको महोबा में नवनिर्मित डिग्री कालेज में पढ़ाने की सजा मिली और जेल भिजवा दिया गया।

बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर ने बताया कि महोबा जनपद में स्वतंत्रता सेनानी तो अब एक भी बचे नहीं, 20 लोकतंत्र सेनानी जरूर जीवित हैं। महोबा नगर में 6 लोकतंत्र सेनानी बचे हैं जिनमें दो बाहर थे, बाकी 4 को आज सम्मानित किया गया। इस मौके पर बुंदेली समाज के महामंत्री डा. अजय बरसैया, डा. देवेन्द्र पुरवार, सकिन गुप्ता, गया प्रसाद कोस्टा, प्रेम चौरसिया व मोहित समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार