Kannauj News: कार की टक्कर से दिव्यांग की मौत, डीएम से फरियाद कर लौट रहा था, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में कार की टक्कर से दिव्यांग की मौत।

कन्नौज में कार की टक्कर से दिव्यांग की मौत हो गई। दिव्यांग संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम से फरियाद कर लौट रहा था। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुट गई है।

कन्नौज, अमृत विचार। मकान के ऊपर झुका शीशम का सरकारी पेड़ कटवाने की मांग करने डीएम कार्यालय आए वृद्ध को कार ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर भाग निकला। पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई।

तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के गांव देवीपुर्वा निवासी राम सनेही (65) पुत्र भज्जा दोनों पैरों से दिव्यांग था व वर्तमान समय में तिर्वा में अन्नपूर्णा मंदिर के निकट मकान बना कर रहता था। रोड के किनारे खड़ा शीशम का एक पुराना पेड़ उसके मकान की ओर झुका है। शनिवार को इसी पेड़ को कटवाने की मांग करने वह डीएम कार्यालय आया था। शिकायती पत्र डीएम कार्यालय में रिसीव कराने के बाद पैदल कलक्ट्रेट से तिर्वा-कन्नौज मार्ग की ओर जा रहा था।

जैसे ही वह कलक्ट्रेट मार्ग पर ओवरब्रिज के निकट पहुंचा उसी समय उल्टी दिशा में जा रही कार ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह देख तत्काल सरायमीरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। वृद्ध को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शिकायती पत्र में लिखे मिले नंबर के आधार पर परिजनों को जानकारी दी गई। जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।

संबंधित समाचार