संभल : साहब बदमाश नहीं हूं, मजबूरी में खरीदकर लाया हूं राइफल, पत्नी ने जीना दुश्वार कर रखा है
पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या के लिए खरीदी राइफल, गिरफ्तार
संभल/गुन्नौर, अमृत विचार। साहब बदमाश नहीं हूं, मजबूरी में खरीदकर लाया हूं राइफल, पत्नी ने जीना दुश्वार कर रखा है। राइफल से पहले पत्नी को गोली मारूंगा फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर लूंगा। जनपद संभल के गुन्नौर में राइफल लेकर जा रहे ग्रामीण की बात सुनकर पुलिस कर्मियों के होश उड़ गये। पुलिस कर्मियों ने ग्रामीण से राइफल बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में की गई पड़ताल में भी यही बात सामने आई कि ग्रामीण पत्नी की हत्या के बाद खुद आत्महत्या करने के इरादे से राईफल खरीद कर लाया था।
गुन्नौर कोतवाली के दरोगा आदित्य कुमार सिपाही रोहित व सौरव के साथ शनिवार को सुबह सात बजे गांव बहलोलपुर गश्त पर थे तभी प्राइमरी स्कूल के पास एक व्यक्ति कपड़े में लिपटी डंडे जैसी कोई चीज लिये नजर आया। पुलिस को देखकर वह सकपकाया और दूसरे रास्ते से जाने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। कोतवाली प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि पुलिस कर्मियों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। कपड़े को खोलकर देखा तो उसमें देशी राइफल थी। पकड़े गये व्यक्ति ने अपना नाम सतीश निवासी बहलोलपुर बताया।
ग्रामीण बात बात सुनकर उड़े पुलिस के होश
गुन्नौर। कोतवाली प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि राइफल सहित पकड़े गये सतीश से जब पुलिस कर्मियों ने पूछा कि किस इरादे से राइफल लेकर घूम रहे हो,लूट करते हो क्या। इस पर सतीश ने कहा कि उसके घर में कलेश रहता है। पत्नी से विवाद चल रहा है। परेशान हो गया तो राइफल खरीदकर लाया। सोचा यह था कि पहले मैं पत्नी को गोली मारूंगा और फिर उसकी जान लेने के बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर लूंगा।
ये भी पढ़ें:- संभल : पत्नी दोस्तों के साथ गई नैनीताल तो पति ने सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर कर दी वायरल, जानिए फिर क्या हुआ?
