मुरादाबाद: गर्म दूध पीने से दो बच्चों सहित पांच लोग बेहोश, हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गांव शरीफनगर की घटना, जी मिचलाना व उल्टी-दस्त की हुई शिकायत

ठाकुरद्वारा के गांव शरीफ नगर के एक ही परिवार के दूध पीने से हालत बिगड़ने पर अस्पताल में उपचार कराते

ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद), अमृत विचार। गांव शरीफनगर में गर्म दूध पीने से एक ही परिवार के दो बच्चों सहित पांच लोगों की तबीयत बिगड़ गई। बेहोश होने पर परिजनों ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। हालांकि उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया।

गांव शरीफनगर निवासी जसवंत सिंह पांच दिन पहले गाय खरीद कर लाए थे। सोमवार को परिवार के सभी लोगों ने गर्म करके दूध पिया। इससे पांच लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें जी मिचलाना व उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। बाद में पांचों बेहोश हो गए। परिजनों ने कमल सिंह(28), पूजा (26) पत्नी कमल सिंह, दीपांशु (7) कमल सिंह, मनु (5), कुंता देवी (52) पत्नी जसवंत सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया।

 जसवंत सिंह ने बताया कि पांच दिन से लगातार गाय का दूध परिवार के लोग इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन किसी को भी कोई परेशानी नहीं हुई। सोमवार को पुत्र वधू पूजा देवी ने दूध गर्म किया था और सभी ने पिया। इसके बाद जसवंत और उनका बेटा दीपक अपने खेत पर चले गए। दीपक ने सिर दर्द की शिकायत की और वह घर आ गया।

घर पहुंचने पर देखा तो सभी लोग बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़े थे। शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। अस्पताल में भर्ती कुंता देवी, कमला देवी, कमल सिंह ने होश में आने पर बताया कि वे चार दिन से लगातार सुबह-शाम दूध पी रहे हैं, लेकिन कोई दिक्कत नहीं हुई। लेकिन सोमवार को सुबह 10 बजे सिर में दर्द व जी मिचलाने पर वह बेहोशी आ गई।  

चिकित्सा प्रभारी राजपाल सिंह का कहना है कि अधिक गर्मी में गर्म दूध पीने से गैस की समस्या  बढ़ जाती है। सोमवार को तापमान अधिक होने से डिहाईड्रेशन की शिकायत हुई है। फिलहाल पांचों लोग स्वस्थ हैं और उन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : विधायक हाजी नासिर कुरैशी के बेटे ने चार लोगों के खिलाफ दर्ज कराया केस, मारपीट व धमकी देने का है आरोप