पीलीभीत: कोचिंग नहीं पढ़ी तो विद्यार्थियों को कर रहे फेल, प्राइवेट कॉलेज में ये कैसा खेल!
पीलीभीत, अमृत विचार। शहर के प्राइवेट कॉलेज में शिक्षकों से कोचिंग न पढ़ने पर छात्रों को फेल करने का सिलसिला चल रहा है। इतना ही नहीं कोचिंग न पढ़ने पर शिक्षकों की ओर से उन्हें बेवजह परेशान करने का आरोप भी अभिभावकों के द्वारा लगाया गया है। इस मामले की शिकायत आने के बाद डीआईओएस ने जांच कमेटी बनाकर जांच करने के निर्देश दिए हैं।
शहर के नकटादाना चौराहा पर स्थित एक प्राइवेट कॉलेज में वहां पढ़ने वाले छात्रों के ऊपर जबरन कोचिंग पढ़ने का दबाव बनाया जा रहा है। कोचिंग पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को पास किया जा रहा है। बाकी को फेल करने के साथ ही उनका उत्पीड़न हो रहा है।
इस मामले में शहर के रहने वाले ताज मोहम्मद ने बीते दिनों से डीआईओएस गिरजेश कुमार को शिकायत दर्ज कराई थी। अभिभावक का आरोप था कि कॉलेज बेवजह वहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को परेशान कर रहा है। उन पर कोचिंग का दबाव बनाया जाता है। कोचिंग न पढ़ने वाले बच्चों का जबरन कोई न कोई आरोप लगाते हुए उनका कॉलेज से नाम काटकर टीसी थमा दे रहे हैं।
इस प्रकरण में डीआईओएस गिरजेश कुमार ने जांच कमेटी बनाकर जांच करने के निर्देश दिए हैं। डीआईओएस का कहना है कि कॉलेज की पूर्व में भी कई शिकायतें मिल चुकी है। इसको लेकर कॉलेज प्रशासन की जांच कराई जाएगी। अगर लापरवाही सामने आई। तो कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल टीम बनाकर जांच शुरु कर दी गई है। कॉलेज के शिक्षकों को भी बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया जाएगा। जांच तथ्य सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: नहाते वक्त तीन मासूमों की डूबकर मौत, मचा कोहराम
