बिजनौर : बारिश से गिरी दीवार, मलबे में दबकर युवती की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गांव पुरहा में शुक्रवार सुबह की घटना, लेखपाल ने किया मौका मुआयना

बिजनौर, अमृत विचार। जिले में तीन दिन से हो रही बारिश के चलते दारानगर गंज क्षेत्र में ग्राम पंचायत निजामतपुरा के गांव पुरहा में शुक्रवार सुबह घर की दीवार गिरने से दबकर युवती की मौत गई। हालांकि परिजनों ने उसे निजी चिकित्सक के यहां भर्ती भी कराया। लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। लेखपाल व कानूनगो ने मौका मुआयना किया। 
 
गांव पुरहा में मजदूर वाहजुद्दीन का परिवार रहता है। शुक्रवार तड़के फज्र की नमाज अदा करने के बाद उसकी पुत्री मदीना (20) घर के आंगन में दीवार के पास चारपाई पर लेट गई। तभी दीवार भर भराकर उसके ऊपर गिर गई। चीख पुकार सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे पड़ोसियों ने दीवार के मलबे में दबी युवती को बाहर निकाला और स्थानीय चिकित्सक के यहां ले गए। 

जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्राम प्रधान के पति सरफराज अहमद ने प्रशासन को घटना की सूचना दी। इस पर लेखपाल सुरजन सिंह व कानूनगो नागेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। पोस्टमार्टम के लिए कहा तो परिजनों ने इनकार कर दिया। देर शाम युवती को सुपुर्दे-खाक कर दिया गया।

संबंधित समाचार