रायबरेली: पुजारी की नृशंस हत्या, मंदिर परिसर में मिला रक्तरंजित शव, प्राइवेट पार्ट पर भी किया प्रहार
डीह, रायबरेली, अमृत विचार। गांव से बाहर सुनसान स्थान पर स्थित मंदिर परिसर में पुजारी की चाकू और किसी वजनदार वस्तु से प्रहार करके नृशंस हत्या कर दी गई है । हत्यारों ने उसके गुप्तांग में भी प्रहार किया है। पुजारी का रक्तरंजित शव मंदिर परिसर में मिलने से सनसनी फैल गई है । पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है।
घटना थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर बड़ैला का है । इस गांव के बाहर सुनसान स्थान पर एक शिवालय है। जिसमें शिवलिंग के अलावा अन्य देवी देवताओं की मूर्तियां स्थापित है । इस मंदिर पर गांव के मेड़ईराम (65 वर्ष ) पुत्र स्व. लोधई विगत करीब 12 वर्षों से रहकर पूजा पाठ करते थे। गांव में उनका घर है , किंतु उसमें उनके बेटे रहते हैं।
रविवार की सुबह गांव के लोग मंदिर की ओर गए तो उन्हे पुजारी का खून से सराबोर शव पड़ा हुआ था। जिसे देखकर गांव के लोगों में सनसनी फैल गई। यह खबर फैलते ही मंदिर में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई । सूचना पाकर गांव पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुजारी की चाकू और किसी वजनदार लोहे की रॉड से पीट कर हत्या की गई है ।उसके गुप्तांगों पर भी प्रहार किया गया है। पूरा शरीर खून से सराबोर है। थाना अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुजारी की हत्या की गई है। मामले में जांच जारी है। दूसरी ओर मृतक के बड़े बेटे फूल चंद्र ने बताया कि उसकी गांव में किसी से कोई रंजिश नहीं है। जिसके कारण हत्या के कारणों का पता नहीं चल पा रहा है।
पत्नी की मौत के बाद बना था पुजारी
पुजारी मेड़ई राम के चार बेटे फूलचंद , अरुण , सोनू और चंदर हैं। करीब 12 साल पहले उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। उसके बाद वह मंदिर में पूजा पाठ करने लगा था। गांव के पुश्तैनी घर को उसने अपने चारों बेटों को दे दिया था, लेकिन उसका पुश्तैनी घर में भी आना-जाना बना रहता था। दिन में इधर-उधर घूमता रहता था, किंतु रात में वह मंदिर परिसर में ही सोता था।
गुप्तांग पर प्रहार से उलझ रही कहानी
पुजारी मड़ई राम की उम्र करीब 65 साल है। हत्यारों ने उसके गुप्तांग पर बुरी तरह प्रहार किया है। गुप्तांग पर प्रहार करने को लेकर पुलिस हत्या के पीछे कारणों की कहानी में उलझी हुई है। पुलिस का मानना है कि किसी अन्य कारणों से हत्या की जाती तो गुप्तांग पर प्रहार करने का क्या उचित है? इसी गुप्तांग के प्रहार को केंद्र बिंदु मानकर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। गांव में पुजारी के चरित्र को लेकर भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
