Etawah: मंदिर के महंत का पेड़ पर लटका मिला शव, दान के पैसे को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस ने कराया था समझौता
इटावा में मंदिर के महंत का पेड़ पर शव लटका मिला।
इटावा के भरथना में मंदिर के महंत का पेड़ पर शव लटका मिला। लोगों ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल शुरू की।
इटावा, अमृत विचार। भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्रामीण अंचल अन्तर्गत ऊसराहार भरथना मार्ग स्थित ग्राम भोली चौराहे पर मंगलवार सुबह हनुमान मंदिर के महंत पूरनमल दास 17 वर्ष पुत्र बनवारी लाल का शव नीम के पेड़ में लटका मिला। घटना से सनसनी फैल गई। लोगों ने हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की।
जानकारी के मुताबिक महंत की रिश्तेदार सत्यवती पत्नी श्रीपाल निवासी ग्राम भोली ने बताया पूरनमल दास के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। जिसके कारण पूरनमल शुरू से उनके पास ही रह रहा था। जैसे ही पूरनमल की उम्र बड़ी वह आध्यात्म की ओर चल पड़ा और बचपन से ही भोली चौराहा हनुमान मंदिर की सेवा पूजा पाठ से जुड़ गया। इस पर मंदिर से जुड़े आस्थावानों ने उसे मंदिर का महंत बना दिया था।
सत्यवती के पति श्रीपाल ने बताया कि मंदिर महन्त पूरनमल दास के नेतत्व में बीते एक पखवाड़ा पूर्व श्रीमत भागवत कथा समापन और भव्य विशाल भंडारा के दौरान मंदिर पर मौजूद दो अन्य लोगों के मध्य मंदिर के पैसे को लेकर महंत से झगड़ा हुआ था।
जिसके बाद डरे महंत ने ऑनलाइन पोर्टल पर लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए सुरक्षा व न्याय की गुहार लगाई थी। तब पुलिस ने विवाद सुलझा कर समझौता करा दिया था। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
