Banda Suicide: युवक ने देशी तमंचे से सीने में गोली मारकर की खुदकुशी, पत्नी के मायके से न आने पर रहता था परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में युवक ने सुसाइड किया।

बांदा में युवक ने देशी तमंचे से सीने में गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने जांच पड़ताल की।

बांदा, अमृत विचार। तकरीबन छह वर्ष से पत्नी से चल रहे विवाद के कारण तनाव में आए युवक ने किराए के मकान में मंगलवार की सुबह तमंचे से खुद को सीने में में गोली मार ली। मौके पर पहुंची पुलिस और लोगों ने उसे उठाकर तत्काल सीएचसी में दाखिल कराया। वहां पर चिकित्सकों ने देखते ही युवक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र और डाग स्वा ंयड व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

कोतवाली क्षेत्र के मुकेरा गांव निवासी शाहिद (35) पुत्र सादिक नरैनी कस्बे के शंकर बाजार पुकारी में किराए के मकान में रहता था। मंगलवार की सुबह उसने 315 बोर तमंचे से खुद को गोली मार ली। इससे वह लहूलुहान होकर तड़पने लगा। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शाहिद को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी में भर्ती कराया।

वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े भाई रमजान ने बताया कि शाहिद की शादी वर्ष 2017 में अतर्रा निवासी शकीना बानो के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद पति-पत्नी का विवाद हो गया। पत्नी शकीना अपने मायके में रहने लगी थी। दो वर्ष पूर्व समझौता प्रकोष्ठ के माध्यम से उसका राजीनामा हो गया। दोनो एक साथ रहने को राजी हो गए। लेकिन शकीना ने इस समझौते को नकार दिया था और अपने पति के साथ नहीं आई। इससे पति ने न्यायालय में वाद दायर किया था जो आज भी विचाराधीन है।

शाहिद मुंबई में रहकर मजदूरी करता था। लेकिन मुकदमा के चलते उसे तारीखों में हाजिर होना पड़ता था। इसके लिए वह शंकर बाजार पुकारी में किराए का कमरा लेकर रहता था। पत्नी के न आने से वह तनावग्रस्त हो गया। इसी तनाव के चलते मंगलवार की सुबह उसने किराए के मकान में तमंचे से खुद को सीने में गोली मारकर जान दे दी।

सूचना पाकर पुलिस और पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। मृतक की बुआ मैकी ने बताया कि पत्नी के वापस न आने से शाहिद तनाव में रहता था। उधर, कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह गौर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है। घटनास्थल से तमंचा बरामद कर लिया है।

संबंधित समाचार