संभल: 93 साल के हुए सांसद बर्क, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने दी बधाई
संभल, ,अमृत विचार। संभल क्षेत्र के सपा सांसद डॉ.शफीकुर्रहमान बर्क मंगलवार को 93 साल के हो गये। उनके जन्मदिन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पत्र भेजकर बधाई दी है। देश के कई अन्य नेताओं ने भी पत्र भेजकर व ट्वीट से बधाई संदेश दिए।
11 जुलाई 1930 को पैदा हुए डा.शफीकुर्रहमान का राजनीतिक सफर काफी लंबा है। वह 1974 में बीकेडी के टिकट पर संभल विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा पहुंचे थे। चार बार विधायक रहे हैं और 1991 में प्रदेश सरकार में मंत्री भी बने। 1996 में मुरादाबाद लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर पहली बार संसद पहुंचे।
अब छठवीं बार संसद सदस्य के रूप में संसद में संभल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनके जन्मदिन पर सुबह से ही बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह 10 बजे देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बधाई संदेश का पत्र उनके घर पहुंचा। राष्ट्रपति ने बधाई संदेश में लिखा कि ईश्वर आपको प्रसन्न रखे और आने वाले कई वर्षों तक आप राष्ट्र की अनवरत एवं निष्ठापूर्वक सेवा करते रहें।
मैंने अपनी जिंदगी आवाम की खिदमत में गुजारी है। मैं जानता हूं कि लोग मुझसे बेपनाह मोहब्बत करते हैं। मैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उप राष्ट्रपति जगदीश धनखड़, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ सभी नेताओं व आवाम का शुक्रिया अदा करता हूं।-डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क, सांसद
ये भी पढ़ें:- संभल : मकान के बरामदे की छत गिरने से बच्ची की मौत, तीन घायल
