अयोध्या में बोलीं पंचायत अध्यक्ष - शहर की तरह ग्रामीण अंचल भी हों स्वच्छ और सुन्दर
अयोध्या, अमृत विचार। जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि रामराज्य की स्थापना के लिए अयोध्या नगरी को सुन्दर, सांस्कृतिक और भव्य बनाने की कवायद चल रही है। नगरी के अनुरूप जिला पंचायत विभिन्न कार्यों और योजनाओं के प्रभावी तथा कुशल क्रियान्वयन से जिले के ग्रामीण अंचलों को सुन्दर और सुविधाजनक बनाने का काम कर रहा है।
बुधवार को वह अपना दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर सर्किट हॉउस में मीडिया से मुखातिब थीं। अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि अब तक 42 करोड़ की लागत से 105 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण करवाया जा चुका है। चार बड़े अमृत सरोवर का भी निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें प्रातः कालीन भ्रमण के लिए किनारे-किनारे मार्ग भी बनवाया जा रहा है। साथ ही हर घर प्रकाश योजना के तहत जिला पंचायत क्षेत्र में लगभग 6500 लाइटों की स्थापना कराई जा रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि एक ओर जहां जिला पंचायत नवनिर्माण के लिए संकल्पित है, वहीं पूर्व निर्मित सड़कों और परिसंपत्तियों की मरम्मत और अनुरक्षण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री के गड्ढा मुक्त अभियान के तहत कुल 71 परियोजनाओं के तहत लगभग 42 किमी लंबी सड़कों की मरम्मत कराई गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में 368.15 लाख से सीसी रोड, 739.13 लाख से लेपन, 345.83 लाख से सोलिंग, 574.75 लाख से नाला व 254.54 लाख से मरम्मत कार्य और गत वर्ष 445.39 लाख से सीसी रोड, 65.69 लाख से लेपन, 185.66 लाख से सोलिंग, 369.1 लाख से नाला, 435.09 लाख से मरम्मत कार्य व 245.88 लाख से स्ट्रीट लाइट तथा 237.17 लाख से अमृत सरोवर का कार्य कराया गया। दावा किया कि जिला पंचायत अन्य कार्यदायी संस्थाओं से बेहतर काम करा रही है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव सिंह महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, कॉपरेटिव बैंक के चेयरमैन धर्मेंद्र सिंह टिल्लू, मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह, अंशुमान मित्रा आदि लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -सहारनपुर में बारिश से ढहा कच्चा मकान, महिला की मौत
