Banda News : दृष्टिबाधित छात्रों ने एनएच पर लगाया जाम, छात्रों की मांग-आवासीय विद्यालय में दी जाएं सुविधाएं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में दृष्टिबाधित छात्रों ने एनएच पर लगाया जाम।

बांदा में दृष्टिबाधित छात्रों ने एनएच पर जाम लगाया। छात्रों की मांग-आवासीय विद्यालय में सुविधाएं दी जाएं। एसडीएम सदर के आश्वासन पर जाम खत्म हुआ।

बांदा, अमृत विचार। राजकीय दृष्टिबाधित विद्यालय के छात्रों ने विद्यालय में तमाम सुविधाओं की मांग को लेकर बांदा-फतेहपुर-टांडा नेशनल हाइवे पर जाम लगा दिया। घंटों चले जाम से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। देर तक आवागमन भी प्रभावित रहा। आक्रोशित छात्रों ने प्रशासन पर अनदेखी के आरोप लगाए। जाम की खबर पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर ने छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया। जल्द ही समस्याएं दूर कराने का भरोसा मिलने पर छात्रों ने जाम खत्म कर दिया। 

सदर तहसील क्षेत्र के महोखर गांव स्थित स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित विद्यालय के छात्रों का धैर्य टूट गया। शुक्रवार को सुबह विद्यालय के सामने बांदा-फतेहपुर-टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिव्यांग छात्रों ने सड़क पर अवरोध खड़ा करके जाम लगा दिया। प्रशासन विरोधी जमकर नारेबाजी की। जाम लगाए छात्रों ने बताया कि स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित बालक इंटर कालेज के छात्रावास में रहने वाले दिव्यांगों का बुनियादी सुविधाओं के अभाव रहना मुहाल हो गया है।

उन्हें पीने के लिए साफ पानी नहीं मिल रहा है। शौचालयों के दरवाजों में सिटकिनी तक नहीं है। मेस, किचन से लेकर पूरे छात्रावास में साफ-सफाई का भी अभाव है। बदबू की वजह से मेस में बैठकर खाना या वहां से गुजरना भी दूभर हो गया है। बुनियादी सुविधाओं के लिए विद्यार्थियों ने कई दफा विद्यालय प्रबंधन के सामने अर्जी लगाई, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। नहाने की व्यवस्थाएं पूरी तरह नदारद हैं। अभी तक सरकार से मिलने वाले मोबाइल फोन और टेबलेट का वितरण भी नहीं किया गया।

कमरों की मरम्मत के नाम पर खानापूरी की जाती है। कभी भी हास्टल के विद्यालय की कक्षाओं में फागिंग नहीं होती है। गंदगी की वजह से मच्छर काटते हैं। पूरी रात जागकर गुजारनी पड़ती है। घंटों चले जाम से राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। देर तक आवागमन भी प्रभावित रहा। आक्रोशित छात्रों ने प्रशासन और विद्यालय प्रबंधन पर अनदेखी के आरोप लगाए। आक्रोशित छात्रों ने विद्यालय प्रबंधन और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

उधर, दिव्यांग छात्रों द्वारा नेशनल हाइवे पर जाम लगाए जाने की खबर मिलते ही एसडीएम सदर व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आर.जगत सांई भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आक्रोशित छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया। उन्होंने जल्द ही विद्यालय की सभी समस्याएं दूर कराने का भरोसा दिया। एसडीएम के आश्वासन पर छात्रों ने जाम खत्म कर दिया।

संबंधित समाचार