Unnao News : फैक्ट्री के अंदर युवक ने निगला जहरीला पदार्थ, मरने से पहले चचेरे भाई को मैसेज कर दी थी जानकारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में युवक ने फैक्ट्री के भीतर निगला जहर।

उन्नाव के दही थानांतर्गत एक फैक्ट्री में कर्मचारी ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिससे युवक की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

उन्नाव, अमृत विचार। दही औद्योगिक क्षेत्र में एक डाग फूड फैक्ट्री के अंदर कर्मचारी ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। जहर खाने के बाद युवक ने चचेरे भाई को फोन से मैसेज कर इसकी जानकारी दी। भाई ने इसकी सूचना परिजनों को दी। रात में परिजनों के पहुंचने फैक्ट्री का गेट नहीं खुला तो हंगामा शुरू हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल ले गई। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए अक्रोशित थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सुपुर्द किया गया। लेकिन अभी तक किसी ने तहरीर पुलिस को नहीं दी है। 

बता दें कि दही औद्योगिक क्षेत्र में डाग फूड बनाने वाली एक फैक्ट्री के कर्मचारी संजय मिश्रा (45) पुत्र राम शंकर निवासी कांशीराम कालोनी सदर कोतवाली ने फैक्ट्री में रात्रि ड्यूटी के दौरान जहरीला पदार्थ निगल लिया। इसके साथ ही उसने वाराणसी में रहने वाले अपने चचेरे भाई गौरव को मैसेज कर जहर खाने की जानकारी देते हुए प्रबंधन से जुड़े कुछ लोगों को इसका जिम्मेदार बताया। गौरव ने इसकी सूचना संजय के घर पर दी। परिजन आनन फानन फैक्ट्री गेट पहुंचे।

लेकिन सुरक्षा गार्डों ने गेट खोलने से मना कर दिया। इस पर परिजन हंगामा करने लगे। इसके बाद दही पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के आने पर गेट खुला और अंदर संजय अचेत पड़ा था। उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों में फिर हंगामा किया। शुक्रवार दोपहर फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से पहुंचे युवक की कार की चाबी परिजनों ने छीन ली। अक्रोशित लोगों से बचने के लिए उसने चौकी में शरण ली।

पुलिस ने महिलाओं को समझा बुझाकर शांत कराया। संजय की मौत पर पत्नी शैला व इकलौती बेटी अंशिका (16) कई बार अचेत हो गई। छोटे भाई धनंजय व मृत्युंजय भी रो-रोकर बेहाल थे। एसओ दही अनुराग सिंह ने बताया कि उन्हें तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जायेगी।

संबंधित समाचार