Kanpur News: बिजली के लिए मचा हाहाकार, केस्को के सारे जतन बेकार, केबल पैनल में भरा पानी, 80 मोहल्लों की बिजली गुल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में केबल पैनल में पानी भरा।

कानपुर में केबल पैनल में पानी भर गया। जिससे करीब 80 मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। घंटों बिजली गुल रहने की वजह से केस्को कंट्रोल रूम के फोन दिनभर बज रहे है।

कानपुर, अमृत विचार। शहर में इस समय बिजली की समस्या की वजह से हाहाकार मचा हुआ है। बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने के सारे जतन केस्को के फेल साबित हो रहे है। घंटों बिजली गुल रहने की वजह से केस्को कंट्रोल रूम के फोन दिनभर बज रहे है। वही, सोशल मीडिया में लोग यूपीपीसीएल के अध्यक्ष से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत कर रहे हैं। 

केस्को के अधिकारियों ने गर्मी व बारिश के मौसम में हो रहे बिजली संकट से निपटने के इंतजाम अगर पहले कर लिए होते तो इस समय लोगों को दिक्कत न होती। केस्को के जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही की वजह से लोगों के घरों में बिजली कई घंटो तक नहीं आ रही हैं। दफ्तरों में बिजली नहीं आने की वजह से कंपनियों का काम प्रभावित हो रहा है।

साथ ही लोगों को उमस भरी गर्मी का भी सामना करना पड़ रहा है। सब स्टेशनों में शिकायतें करने के बाद भी लोगों के घरों व दफ्तरों में बिजली नहीं आ रही, जिससे गुस्साएं लोग सोशल मीडिया में यूपीपीसीएल के अध्यक्ष एम देवराज व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक से शिकायत कर रहे हैं। वही, केस्को के खराब सिस्टम की भी पोल खोल रहे हैं। जबकि इसका उल्टा केस्को के अधिकारी कर रहे है। 10 मिनट में आ रही करीब 10 शिकायतों को एक ही दर्शा रहे हैं।

वही, कागजों में शहरवासियों को 23 घंटे से अधिक बिजली देने का दावा कर शासन को झूठी रिपोर्ट भेज रहे हैं। जबकि शहर में बिजली के लिए हाहाकर मचा हुआ है और बिजली न आने से हर कोई परेशान हैं। शुक्रवार रात नौ से लेकर शनिवार रात नौ बजे तक शहर के 80 मोहल्लों की बिजली गुल रही। इनमें कई ऐसे मोहल्ले है, जहां नौ से दस घंटे और कुछ जगहों पर बिजली पांच से छह घंटे तक गुल रही। इस वजह से करीब साढ़े छह लाख लोगों को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। साथ ही पेयजल व आदि समस्या भी हुई। 

बारिश के बाद भी लोड रहा 627 मेगावाट 

केस्को मीडिया प्रभारी श्रीकांत के मुताबिक ट्रांसफार्मर के पास पानी भर जाने की वजह से सीसामऊ फीडर की बिजली शाम चार बजे और तेज बारिश में लाइन क्षतिग्रस्त होने से दयानंद विहार फीडर की बिजली शाम पांच बजे से बंद की गई है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद बिजली सप्लाई की जाएगी। इसके आलावा अन्य जिन जगहों पर बिजली समस्या रही, उनमें से कुछ तो ठीक कर दिया है। जबकि कुछ जगहों पर काम जारी है। 24 घंटे में आई 33 शिकायतें निस्तारित की गई। बिजलीघर व फूलबाग में दो ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए। वही, बारिश के मौसम में भी अधिकतम लोड 627 मेगावाट रहा। 

मीटर की सील तोड़, जोड़े तार

केस्को टीम ने फहीमाबाद कॉलोनी व चमनगंज क्षेत्र में बिजली कम खपत कर रहे उपभोक्ताओं के मीटर चेक किए। केस्को मीडिया प्रभारी के मुताबिक चेकिंग के दौरान मीटरों की सील क्षतिग्रस्त मिली। मीटर बॉक्स खेलकर देखने में मीटर के टर्मिनल में अतिरिक्त तार जुड़े मिले। लोगों ने मीटर सप्लाई डायरेक्ट की थी। कार्रवाई के लिए मीटर को उतारने पर क्षेत्र के कुछ लोगों ने टीम को घेरने का भी प्रयास किया। साथ में मौजूद पुलिस की मदद से पांच मीटरों को उतारकर कब्जे में लिया। साथ ही बिजली चोरी की मुकदमा दर्ज कराया गया। 

यहां नहीं आएगी बिजली 

नवीन नगर, सलूजा बिल्ड़िग में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे, तुलसी हॉस्पिटल, केसा हाउस, व हडर्ड हाई स्कूल की बिजली दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे,  हैरिशगंज, दहेली सुजानपुर, कृष्णा नगर, कांशीराम संयुक्त अस्पताल, नौबस्ता, एयरफोर्स एक व दो में सुबह 11:30 बजे से दोपहर एक बजे और छबिलेपुवा पोखरपुर व रामादेवी में सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक बिजली नहीं रहेगी। बिजली न आने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

संबंधित समाचार