अमृत विचार की खबर का असर : संभल में पांच सांडों की मौत पर दौड़े अफसर, शिफ्ट कराए पशु

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार ने नंदी विहार में पांच सांडों की मौत की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की तो पहुंचे अफसर, नंदी विहार से गोवंशीय पशुओं को गवां नगर पंचायत की गोशाला में किया गया शिफ्ट

संभल में हरिबाबा धाम के निकट नंदी विहार से गोवंशीय पशुओं को दूसरी गौशाला में शिफ्ट कराने के लिए पहुंचे अफसर।

संभल/रजपुरा/अमृत विचार। रजपुरा थाना क्षेत्र में श्री हरिबाबा बांध धाम के पास गंगातट पर बने नंदी विहार में चौतरफा जलभराव के बीच पांच सांडों की मौत का मामला सामने आने पर प्रशासन चेत गया। एसडीएम समेत कई अधिकारियों के अमले ने नंदी विहार के हालात देखे। इतना ही नहीं, नंदी विहार से गोवंशीय पशुओं को नगर पंचायत गवां स्थित बंगाली बाबा गोशाला में शिफ्ट करा दिया।

अमृत विचार ने 17 जुलाई के अंक में पेज आठ पर नंदी विहार में जलभराव, पांच सांडों की मौत ...शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की। जिसमें बताया कि लगातार हो रही बारिश के चलते गंगा में जलस्तर बढ़ने से रजपुरा के मौलनपुर में स्थित श्री हरिबाबा नंदी विहार में चारों तरफ जलभराव हुआ। चारा पहुंचाने की दिक्कतों के बीच नंदी विहार में पांच सांडों की मौत हो गई। सांडों के शव पानी में उतराते दिख रहे हैं।

17SBL8

संभल के गवां में बंगाली बाबा गोशाला में शिफ्ट किये गये गोवंशीय पशु

खबर प्रकाशित होने के बाद सोमवार को सुबह एसडीएम गुन्नौर रमेश बाबू, तहसीलदार दीपक चौधरी, नायब तहसीलदार बबलू कुमार, बीडीओ एसपी सिंह, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.राजेंद्र सिंह, पशु चिकित्सक डॉ.रविरंजन और मुरारीराम आदि नंदी विहार पहुंचे। अधिकारियों ने हालात का जायजा लेते हुए गोवंशीय पशुओं को संरक्षित करने के लिए कदम उठाए। दो टीमें लगाकर गोवंशीय पशुओं को को नगर पंचायत गवां में स्थित बंगाली बाबा गोशाला में शिफ्ट कराया गया।

चौतरफा पानी से घिर गये थे पशु
संभल। हरिबाबा बांध धाम के निकट बनाए गए नंदी विहार में कई सौ गोवंशीय पशुओं को रखा गया था। कुछ दिन पहले तक यहां यह पशु आराम से रह रहे थे लेकिन भारी बरसात के बाद गंगा उफनाई तो इन पशुओं को दिक्कतों से जूझना पड़ा। चारों तरफ जलभराव के हालात इतने गंभीर हो गये कि पशुओं के पास बैठने की जगह नहीं बची। इसके साथ ही चारे का संकट भी खड़ा हो गया।

ये भी पढ़ें : संभल: नौकरी का झांसा देकर युवतियों से लाखों ठग कर भागी कंपनी, हंगामा

संबंधित समाचार