लखनऊ : आईपीएस पर लगा छेड़खानी का आरोप, अधिकार सेना प्रमुख ने मुख्यमंत्री से की शिकायत
लखनऊ, अमृत विचार। अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने मुख्यमंत्री को पत्र ट्वीट कर एक आईपीएस अधिकारी की शिकायत की है। हालांकि उन्होंने अभी आईपीएस का नाम नहीं उजागर किया है। आईपीएस की शिकायत एक लड़की से छेड़छाड़ के मामले में की गई है।
दरअसल, राजधानी के जनेश्वर मिश्रा पार्क में मार्निंग वॉक के दौरान एक लड़की से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप आईपीएस अधिकारी पर लगा है। इसी मामले में अमिताभ ठाकुर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि अत्यंत विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार दिनांक 17/07/2023 को जनेश्वर मिश्र पार्क गोमती नगर विस्तार लखनऊ में सुबह मॉर्निंग वॉक पर आए एक आईपीएस अफसर ने पार्क में वॉक के लिए आई एक युवती के साथ छेड़छाड़ की ।
बताया जा रहा है कि आईपीएस अफसर पिछले कई दिनों से उस युवती का अनावश्यक पीछा कर रहे थे और उनके साथ छेड़खानी कर रहे थे। सोमवार को उस आईपीएस अफसर ने एक बार पुनः उस युवती के साथ छेड़छाड़ की जिसके बाद उस युवती ने उसका विरोध किया। जिस कारण मौके पर हंगामा हो गया। जानकारी अनुसार हंगामे के बाद स्थानीय पुलिस भी आई तथा मामला गोमती नगर विस्तार थाने तक गया।
अमिताभ ठाकुर के मुताबिक दी गई जानकारी के अनुसार आईपीएस अफसर मौजूदा समय में एसटीएस में तैनात बताए जाते हैं। यह भी बताया गया है कि इस मामले को रफा-दफा करने तथा यह सुनिश्चित करने के लिए कि मामले में कोई मुकदमा दर्ज ना हो, उनके एक विभागीय अफसर भी थाना गोमती नगर विस्तार गए थे, जहां वे काफी देर तक बैठे रहे तथा उस युवती और उसके परिवार वालों पर गंभीर दबाव पड़ने के कारण डर के मारे युवती का परिवार पीछे हो गया और मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं किया गया।
अमिताभ ठाकुर की तरफ से लिखे पत्र में कहा गया है कि एक आईपीएस अफसर द्वारा इस प्रकार सार्वजनिक रूप से किसी युवती के साथ छेड़छाड़ करने और उसके बाद विभाग द्वारा इस प्रकार के मामले को दबाए जाने का आरोप अत्यंत ही गंभीर मामला है। मुझे उस आईपीएस अफसर का नाम बताया गया है, जिसे मैं अभी सार्वजनिक नहीं कर रहा हूं किंतु मैं निश्चित रूप से जांचकर्ता अधिकारी को उनका नाम तथा मेरे पास उपलब्ध तथ्य प्रस्तुत करूंगा।
UP के एक IPS अफसर पर कल सुबह जनेश्वर मिश्र पार्क, लखनऊ में युवती से छेड़खानी तथा विभाग/सरकार द्वारा मामले को दबाने के आरोप@azadadhikarsenaद्वारा जाँच और कार्यवाही की मांग@UPGovt@Uppolice@lkopolice@LkoCp@IPS_Association#IPS #AAS #azadadhikarsena pic.twitter.com/ZQ6xeZYphq
— Amitabh Thakur (Azad Adhikar Sena) (@Amitabhthakur) July 18, 2023
उन्होंने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र ट्वीट कर इस मामले की प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी से जांच करा कठोर कार्रवाई करने की अपील की है।
ये भी पढ़ें -बीमार मानसकिता की सरकार ने यूपी को बना दिया था बीमारू, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना
