लखीमपुर-खीरी: मोतीपुर में घुसे चोर, उठा ले गए नगदी समेत तीन लाख के जेवर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गृह स्वामी के लघुशंका करने बाहर निकलने पर घर में घुसे चोर

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। थाना खीरी क्षेत्र की पुलिस चौकी ओयल क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार की रात चोर गांव मोतीपुर में धावा बोल दिया और एक घर में घुस गए। चोर बक्सों और अलमारियों का ताला तोड़कर उसमे रखी 35 हजार रुपये की नगदी और करीब ढाई लाख रुपये के जेवर चोरी कर भाग निकले। क्षेत्र में लगातार वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

गांव मोतीपुर निवासी धीर प्रकाश अवस्थी ने बताया कि वह बुधवार की रात परिवार के साथ घर में सो रहे थे। आधी रात लघुशंका लगने पर वह पूरब दिशा में स्थित दरवाजे को खोल कर बाहर निकले। इसी बीच उनके घर में चोर दाखिल हो गए। लघुशंका करने के बाद घर पहुंचे और चारपाई पर सो गए।

सुबह करीब चार बजे जब सोकर उठे तो देखा कि मुख्य दरवाजा और पीछे का दरवाजा खुला था। यह देख वह आशंकित हो उठे। कमरे में जाकर देखा तो सामान खंगाला पड़ा था। बक्से आदि भी गायब थे। अलमारी के ताले भी टूटे पड़े थे। चोरी की वारदात से घर में महिलाओं में चीख पुकार मच गई। शोर शराबा होने पर गांव के तमाम लोग भी मौके पर पहुंच गए। तलाश के दौरान घर के उत्तर दिशा में करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित एक आम बाग में दो बक्से टूटे मिले।

बक्सों में रखा सामान गायब था। आशंका जताई जा रही है कि चोर कमरों से बक्से उठाकर उत्तर दिशा की ओर लगे पीछे के दरवाजा से बाहर निकले हैं। उन्होंने बताया कि चोर ढाई तोले की एक सोने की चेन, तीन सोने की अंगूठी, चार जोङी चांदी की अंगूठी, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, अर्बन कोआपरेटिव बैंक के एक लाख रुपये के पांच बांड और 35,000 हजार रूपये की नगदी समेत करीब तीन लाख का सामान चोरी कर ले गए।

उन्होंने चोरी की सूचना यूपी 112 पुलिस को दी। सूचना पाकर यूपी 112 और ओयल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की और वापस लौट गई। पीड़ित गृहस्वामी ने घटना की तहरीर चौकी पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।

इंडियन बैंक शाखा के पास हुई वारदात
गांव मोतीपुर में इंडियन बैंक शाखा है। चोरों ने जिस घर को निशाना बनाया। वह इंडियन बैंक के ठीक पास में हैं। एसपी गणेश साहा के साफ निर्देश हैं कि रात में गस्त के दौरान पुलिस थाना क्षेत्रों में स्थित बैंकों की निगरानी करे। अब सवाल यह उठता है कि यदि पुलिस बैंक की निगरानी के लिए गस्त में आती होती तो शायद बदमाश घटना को अंजाम देने की हिम्मत नहीं जुटा पाते। इससे पुलिस की गस्त व्यवस्था और बैंकों की निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं। वहीं बैंकों पर भी खतरे की आशंका प्रबल हो गई है।

पुलिस ने धमकाकर पीड़ित से बदलवाई तहरीर
घटनाओं को छुपाने वाली थाना खीरी की पुलिस ने एक बार फिर खेल कर दिया। पीड़ित गृह स्वामी धीर प्रकाश अवस्थी ने बताया कि उन्होंने चोरी गए सामान का जिक्र करते हुए ओयल चौकी पुलिस को तहरीर दी तो चौकी इंचार्ज ने तहरीर लेने से यह कहते हुए इंकार कर दिया कि चोरी गए सामान को हटाकर दें। इस पर उन्होंने सामान की सूची हटाकर दूसरी तहरीर लिखकर पुलिस को दिया।

चार हफ्ते बाद भी चोरियों का खुलासा नहीं
ओयल पुलिस चौकी क्षेत्र के पहाड़ खां पुरवा, लोन पुरवा ओयल देहात गांव में करीब छह घरों में हुई 25 लाख से अधिक की चोरी को हुए चार हफ्ते बीत गए हैं, लेकिन पुलिस अभी किसी घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। 21जून की रात चोर पहाड़ खां पुरवा निवासी मुन्ना मास्टर, वीरेंद्र यादव और मनोज यादव समेत चार घरों में चोरी की थी।

नगदी समेत करीब 20 लाख का सामान बटोर ले गए थे। इस घटना के चार दिन बाद इसी गांव में पूर्व प्रधान के घर के सामने स्थित एक मकान में नकब लगाकर चोरी का प्रयास किया। दो महीने में पहाड़खां पुरवा, लोनपुरवा और ओयल देहात को मिलाकर आठ घरों में चोरी की वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन किसी घटना का खुलासा नहीं हो सका है।

चोरी की तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी---राजू राव, प्रभारी निरीक्षक थाना खीरी।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: दो बार दिया तलाक...कराया हलाला, फिर तलाक देकर घर से भगाया

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज