लखीमपुर-खीरी: दो बार दिया तलाक...कराया हलाला, फिर तलाक देकर घर से भगाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहनोई की ख्वाहिश पूरी करने के लिए शौहर ने तीसरी बार दिया तलाक

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। दहेज में एक लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर शौहर में दो बार तीन तलाक दिया। दोनों बार उसका बहनोई से हलाला कराया। पखवाड़े भर पहले तीसरी बार तीन तलाक देकर हलाला कराने का दबाव बनाया, लेकिन जब महिला मुकर गई तो उसे मारपीट कर घर से भगा दिया है।

थाना निघासन पुलिस के कार्रवाई न करने पर पीड़ित महिला बुधवार को परिवार वालों के साथ एएसपी कार्यालय पहुंची और तहरीर देकर आप बीती बताई। एसपी ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने जांच कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश थाना प्रभारी को दिए हैं।

कोतवाली सदर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पीड़ित महिला ने बताया कि उसका निकाह 12 साल पहले थाना निघासन क्षेत्र के गांव लालपुर निवासी मोहम्मद साहिद से हुई थी। पिता व भाई ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज भी दिया था, लेकिन पति दिये गये दान दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वह अतिरिक्त दहेज में एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। यह बात उसने अपने मायके वालों को भी बताई थी, लेकिन माली हालत अधिक खराब होने के कारण मायके वालों ने मांग पूरी करने में असमर्थता जताई थी। 

इससे नाराज शौहर मोहम्मद साहिद उसे मारपीट कर प्रताड़ित करने लगा। तीन-तीन दिन तक उसे खाना नहीं देते थे। पीड़ित महिला ने बताया कि दो साल पहले शौहर ने तीन तलाक दे दिया था। इस पर मायके वालों ने शौहर और उसके परिवार के अन्य लोगों को समझाया बुझाया तो शौहर साथ रखने के लिए मान गया। बाद में अपने बहनोई इलियास को बुलाकर उसके साथ हलाला करवाया। हलाला के बाद शौहर ने फिर से निकाह कर लिया।  उसके बाद वर्ष 2020 में शौहर ने एक बार फिर तीन तलाक दे दिया और घर से भगा दिया था। 

फिर बात चीत करने पर अपने घर बुलाया और कहा कि दोबारा हलाला करो। हम निकाह कर लेंगे। अपने दूसरे बहनोई उमर को बुलाया और हलाला करने का दबाव बनाने लगे, लेकिन उसने विरोध किया। जिस पर सास ने रात में जबरन हलाला कराया। इसके बाद शौहर ने फिर निकाह कर लिया। चार जुलाई 2023 को शौहर ने बिना किसी बातचीत के अपनी मर्जी से तीन तलाक दे दिया और कहां अब तुम यहां नहीं रहोगी। यह कहकर घर से भगा गिया। उसने अपने मायके को सूचना दी। जिस पर पिता उसकी ससुराल पहुंचे। 

आरोप है कि ससुरालियों ने उसके और पिता के सादे स्टाम्प पर जबरन हस्ताक्षर करवा लिए और यह कहते हुए घर से भगा दिया कि हलाला करवाओ या फिर अपने घर ले जाओ। पीड़िता ने बताया कि वह पिता के साथ थाना निघासन गई और तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करना तो दूर उसकी बात तक नहीं सुनी। पुलिस के कार्रवाई न करने से परेशान पीड़िता बुधवार को लखीमपुर एसपी कार्यालय पहुंची। एएसपी के सामने पेश होकर उसने पूरी बात बताई। एएसपी ने प्रभारी निरीक्षक को मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।

महिला ने तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई होगी---नैपाल सिंह, एएसपी खीरी।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: भानपुर गौशाला से फेंक दिए गए जिंदा पशु, वीडियो वायरल होने पर एसडीएम ने की जांच

संबंधित समाचार