लखीमपुर-खीरी: भानपुर गौशाला से फेंक दिए गए जिंदा पशु, वीडियो वायरल होने पर एसडीएम ने की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जांच के बाद गौशाला के टेकर केयर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

लखीमपुर-खीरी,अमृत विचार: नकहा ब्लॉक के गांव भानपुर में बनी गौशाला से जिंदा पशुओं को मरने के लिए फेंकने के साथ ही उनको तिरपाल से भी ढक दिया। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायर वीडियो का संज्ञान लेकर डीएम ने एसडीएम को जांच के आदेश दिए।

मौके पर पहुंची एसडीएम सदर ने पूरे मामले की जांच की। जांच के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने गौशाला के टेक केयर के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। जिले के नकहा ब्लाक के गांव भानपुर में स्थित गोशाला में करीब छह सौ गाय है।

इस गोशाला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि गोशाला के बाहर करीब 12 से अधिक गाय पड़ी हुई हैं। इनमें कुछ गायें जिंदा हैं और वह तड़प रही हैं। गायों पर तिरपाल डाला गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गायों को मारने के लिए आए दिन फेंक दिया जाता है।

वायरल वीडियो का संज्ञान डीएम ने लिया और जांच के आदेश दिए। जांच पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, एसडीएम सदर श्रद्धा सिंह और वीडियो नकहा मौके पर पहुंचे। अफसरों ने छानबीन की। टीम ने जांच के बाद पाया कि इसमें केयरटेकर की लापरवाही है।

ग्राम पंचायत अधिकारी सर्वेश कुमार ने केयरटेकर संतोष कुमार निवासी बेलवा के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।

गौशाला के बाहर खुदे पड़े हैं गड्ढे: गोशाला के बाहर बड़ी संख्या में गढ्ढे खुदे पड़े हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गोशाला के कर्मचारी आए दिन इन्हीं गढ्डों में मवेशियों को डाल देते हैं, फिर मिट्टी डालकर उनको पाट दिया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि गड्ढे गढ्ढे जेसीबी से खोदे गए हैं।  

तो गौशाला के जिम्मेदारों के इशारे पर हो रहा था खेल: वायरल वीडियो को गौर से देखें तो गोशाला की हकीकत साफ दिखाई दे रही है। अधिकारियों ने हल्की कार्रवाई करके अपना पल्ला झाड़ लिया, लेकिन असली आरोपियों को बचाने के लिए खेल कर दिया। सिर्फ केयर टेकर को फंसा दिया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि इतने जानवर गौशाला से अकेले केयरटेकर कैसे फेंक सकता है।  इसमें गौशाला के सभी लोग शामिल हैं और जिन अधिकारियों पर गौशाला की देखरेख करने की जिम्मेदारी है। यह सब उनकी जानकारी में हो रहा था, लेकिन अधिकारियों पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

गोशाला परिसर का है वायरल वीडियो: ग्रामीणों ने बताया कि सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हुआ है। वह गौशाला परिसर का ही है। क्योंकि जिसे जगह गायें पड़ी थी, वह जमीन गोशाला की है। जमीन को बैरिकेड करके गौशाला के कर्मचारियों ने अपने कब्जे में ले रखा है। उस जमीन पर बाहर से आने जाने का कोई रास्ता भी नहीं है। वहां पर जानवर सिर्फ गोशाला के लोग ही फेंकते हैं। वीडियो में जो जानवर दिखाई दे रहे हैं वह भी गोशाला के कर्मचारियों द्वारा ही फेंके गए हैं।

दुर्गंध से परेशान हैं ग्रामीण: गायों से उठने वाली दुर्गंध से पूरा गांव परेशान रहता है। अधिकारियों से शिकायत भी की जाती है, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं होती। ग्रामीण बताते हैं कि गौशाला में मरने वाले जानवरों को रोज उसके पीछे ही दफना दिया जाता है। कुछ जानवर खुले में डाल दिए जाते हैं। जब वह सड़ जाते हैं तो उसकी दुर्गंध से गांव के अंदर रहना मुश्किल हो जाता है। कई बार अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

ग्राम पंचायत अधिकारी ने जो तहरीर दी है, उसी के आधार पर केयरटेकर के खिलाफ रिपोर्ट सुसंगत धाराओं में दर्ज की गई है। मामले की छानबीन की जा रही है। जांच में जो भी दोषी होगा। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।- चंद्रशेखर सिंह प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली सदर

ये भी पढ़ें - लखीमपुर-खीरी: तहसील में फर्जी नियुक्ति पत्र पर ज्वाइन करने आए दो युवक गिरफ्तार

संबंधित समाचार