Ayesha Naseem Retirement: 'इस्लाम के हिसाब से जीना चाहती हूं', 18 साल की पाकिस्तानी महिला क्रिकेटर आयशा नसीम ने लिया संन्यास
नई दिल्ली। पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम की युवा खिलाड़ी आयशा नसीम ने सिर्फ 18 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। आयशा ने अपने संन्यास की जानकारी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को दी। आयशा ने अपने संन्यास के फैसले की वजह धार्मिक बताई। उन्होंने ने पीसीबी से कहा, 'मैं क्रिकेट छोड़ रही हूं और इस्लाम के मुताबिक अपनी जिंदगी जीना चाहती हूं।'
बता दें कि आयशा को पाकिस्तान क्रिकेट का भविष्य कहा जा रहा था। आयशा अपने लंबे छक्के के लिए फेमस हैं। आयशा ने 2020 में पाकिस्तान के लिए पहला इंटरनेशनल मैच खेला था।
आयशा नसीम का क्रिकेट करियर
आयशा नसीम ने पाकिस्तान के लिए चार वनडे और 30 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उन्होंने 30 मैच के अपने टी20 करियर में 128 की स्ट्राइक रेट से 369 रन बनाए हैं। वनडे में उनके नाम 33 ही रन हैं। टी20 करियर में वह 18 छक्के भी लगा चुकी हैं। पाकिस्तान महिला टीम के लिए टी20 इतिहास में आयशा से ज्यादा सिर्फ निदा डार ने 27 छक्के मारे हैं। लेकिन उन्होंने 130 मैच खेले हैं।
लंबे छक्के थे आयशा की पहचान
2023 महिला टी20 वर्ल्ड कप के दो सबसे लंबे छक्के आयशा नसीम ने ही लगाए थे। भारत के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 81 मीटर लंबा छक्का मारा था। यह टूर्नामेंट का सबसे लंबा छक्का भी था। आयरलैंड के खिलाफ मुकाबले में भी उन्होंने 79 मीटर लंबा छक्का जड़ा था। 2023 की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर भी उनके बल्ले से लंबे-लंबे छक्के निकले थे।
ये भी पढ़ें : FIFA Womens World Cup : महिला फुटबॉल विश्व कप में न्यूजीलैंड की पहली जीत के बाद जश्न का माहौल, दर्शकों ने तोड़ा रिकॉर्ड
