Kabaddi Competition: कबड्डी स्पर्धा के महिला वर्ग में मऊ, पुरुष में आजमगढ़ ने जीता खिताब
अभिनव भारत न्यास एवं उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन की ओर से आयोजित खेल महाकुंभ का समापन
21 किमी. मैराथन में महिला वर्ग में आकांक्षा व पुरुष वर्ग में प्रिंस ने मारी बाजी
मिल्कीपुर, अयोध्या, अमृत विचार : अभिनव भारत न्यास एवं उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय अभिनव भारत न्यास खेल महाकुंभ का समापन रविवार को आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय स्थित अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में हुआ। समापन अवसर पर कबड्डी पुरुष वर्ग में आजमगढ़ तथा महिला वर्ग में मऊ की टीम ने खिताब अपने नाम किया। कबड्डी पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में आजमगढ़ की टीम ने अमेठी हॉस्टल की टीम को 33–26 से पराजित किया।
वहीं महिला वर्ग के रोमांचक फाइनल में मऊ की टीम ने आजमगढ़ को 33–31 के करीबी अंतर से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। खेल महाकुंभ के अंतर्गत आयोजित 21 किलोमीटर मैराथन में महिला वर्ग में आकांक्षा सिंह ने 1 घंटा 30 मिनट 31 सेकेंड में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बालक वर्ग में अंबेडकरनगर के प्रिंस यादव ने 1 घंटा 05 मिनट में दौड़ पूर्ण कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। पुरुष वर्ग में दिल्ली के अभिषेक द्वितीय तथा अयोध्या के हिमांशु तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में सुल्तानपुर की माधुरी यादव दूसरे व दिल्ली की प्रतिभा शर्मा तीसरे स्थान पर रहीं। 10 किलोमीटर मैराथन में महिला वर्ग में वर्षा मौर्या प्रथम, श्रेया सिंह द्वितीय व रिया सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में सूरज सेन यादव प्रथम, कुणाल द्वितीय तथा धर्मवीर गोस्वामी तृतीय स्थान पर रहे। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद अयोध्या लल्लू सिंह ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार राशि के चेक प्रदान किए। कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, संयम और सकारात्मक दिशा देता है।
आज के समय में खेल युवाओं को कुरीतियों से दूर रखने का सशक्त माध्यम है। विधायक अमेठी राकेश सिंह ने कहा कि कबड्डी भारत की सांस्कृतिक विरासत है और ऐसे आयोजनों से देश को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान मिलती है। विधायक गोसाईगंज अभय सिंह ने आयोजन को राष्ट्रीय स्तर तक ले जाने की आवश्यकता पर बल दिया। आरएसएस अवध प्रांत के प्रांत संपर्क प्रमुख गंगा सिंह ने कहा कि खेल राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। वहीं श्रीराम वल्लभा कुंज, राजकुमार दास ने कहा कि खेल से स्वस्थ शरीर और सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता पूर्व भारतीय कबड्डी कोच बलवान सिंह ने खेलों को खुशहाली और समृद्धि का आधार बताया। समारोह में विश्वविद्यालय प्रशासन, निर्णायक मंडल, आयोजक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
