बरेली: उद्यमी सीधे बताएं निगम से संबंधित शिकायतें, कराएंगे हल- मेयर डॉ. उमेश गौतम
बरेली, अमृत विचार। परसाखेड़ा में उद्यमियों के साथ बैठक कर मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में सफाई, स्ट्रीट लाइट, सड़क व नाला निर्माण और टैक्स की जो भी समस्याएं हैं वह उन्हें बताएं, उनका हल कराएंगे।
उद्यमियों की समस्या थी कि जीआईएस सर्वे के बाद उनके टैक्स बिलों का अंतर बढ़ गया है। कहीं-कहीं दो से पांच फीसदी का अंतर आ रहा है। अपर नगर आयुक्त सर्वेश गुप्ता ने बताया कि कहीं-कहीं यह 25 फीसदी बढ़ा है। मेयर ने अफसरों से कहा कि उद्यमियों के टैक्स के बिलों में जो अंतर आ रहा है उसे 31 जुलाई के पहले रिवाइज करें ताकि उन्हें टैक्स जमा करने में 10 फीसदी छूट का लाभ मिल सके।
उद्यमियों ने कहा कि किसी उद्यमी ने पड़ोस का प्लाट खरीदा है तो जीआईएस सर्वे में उसे एक आईडी दिखा रहा है। ऐसे भी केस हैं कि एक आईडी है लेकिन तीन गुना टैक्स दिखा रहा है। आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश सुंदरानी ने मेयर से कहा कि उद्यमी अफसर और वे खुद बैठे तो काफी हद तक समस्या सुलझ सकती है।
उद्यमियों ने मेयर से नाले की सफाई नहीं होने की समस्या बताई, कई लोगों ने स्ट्रीट लाइट नहीं लगी होने की बात कही। मेयर ने उद्यमियों को बताया कि रामपुर रोड पर अभी काम चल रहा है। निगम को यह मार्ग हैंडओवर नहीं हुई है। निगम के पास आते ही काम कराया जाएगा।
मेयर डा. उमेश गौतम ने कहा कि वह हर दो माह में उद्यमियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में मयूर धीरवानी, विमल रिवाड़ी, राजेश गुप्ता, आशुतोष शर्मा, शैलेंद्र धीरवानी, रवि कुमार, मयूर गुप्ता, कुनाल सिंघल, अशोक वाधवानी, एएन सिंह आदि रहे।
ये भी पढ़ें- बरेली: वेश बदल शराब तस्करों को पकड़ने पहुंची आबकारी टीम, ग्रामीणों ने बनाया बंधक
