अयोध्या : दावा सबका साथ सबका विकास का, लेकिन एससी-ओबीसी को कभी नहीं बनाया मुखिया
अमृत विचार, अयोध्या । जनसंघ से भारतीय जनता पार्टी में परिवर्तित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा पर काम करने वाली भाजपा की ओर से सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास का दावा किया जाता है। यह अलग बात है कि वर्ष 1980 में भाजपा के बनने के बाद अभी तक पार्टी ने किसी दलित और पिछड़ा वर्ग के व्यक्ति को जिले में मुखिया की कमान नहीं सौंपी।
यह हाल तब है जब केवल भाजपा की ओर से ही समावेशी और सर्वस्पर्शी की बात ही नहीं कही जाती बल्कि इस राजनीतिक दल के मातृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वैचारिक अभियान में समाज का दलित और पिछड़ा तबका केंद्र में रहा है। राम मंदिर आंदोलन के बहाने केंद्र और प्रदेश की सत्ता पर काबिज होने वाली भारतीय जनता पार्टी की ओर से सबका साथ और सबका विकास का नारा तो दिया गया है लेकिन जनपद में पार्टी ने कभी भी प्रमुख पद अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग के व्यक्ति को नहीं सौंपा।
इतिहास पर गौर करें तो पता चलता है कि वर्ष 1980 में एक राजनीतिक दल के रूप में भारतीय जनता पार्टी की नींव पड़ने के बाद वर्ष 2016 तक केवल जिले और वर्ष 2017 से महनगर कमेटी का चुनाव किया जाता है। जिले की कार्यकारिणी में अध्यक्ष के अलावा आठ उपाध्यक्ष, चार महामंत्री और आठ मंत्री का चयन किया जाता है।
वर्ष 2017 में प्रदेश सरकार ने जुड़वा नगरों अयोध्या और फैजाबाद नगर पालिका को मिलाकर अयोध्या नगर निगम का निर्माण किया तो जिला मुख्यालय महानगर घोषित हो गया और महानगर कमेटी का भी गठन शुरू हुआ। दो बार महानगर कमेटी का भी चुनाव हो चुका है लेकिन अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग से जुड़े किसी व्यक्ति को महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी नहीं दी गई। भाजपा के जिला कमेटी पर नजर डालें तो अब तक जिलाध्यक्ष ब्राह्मण और ठाकुर ही होते रहे हैं।
ब्राह्मण और ठाकुर ही रहे अब तक जिलाध्यक्ष
भाजपा के वर्तमान जिला अध्यक्ष संजीव सिंह है। वर्तमान में सांसद लल्लू सिंह के अलावा फैजाबाद सपा के पूर्व अध्यक्ष गया प्रसाद सिंह, पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री धर्मराज सिंह, मधुबन सिंह, विश्वनाथ सिंह, ओमप्रकाश सिंह, हनुमानगढ़ी के महंत मनमोहन दास, बांके बिहारी मणि तिवारी, कमला शंकर पांडेय, रामकृष्ण तिवारी, अवधेश पांडेय बादल जिलाध्यक्ष का जिम्मा संभाल चुके हैं। वहीं महानगर अध्यक्ष का जिम्मा वर्तमान में अभिषेक मिश्रा के पास है। पहली बार कमलेश श्रीवास्तव को महानगर का जिम्मा दिया गया था।
इन लोगों की दावेदारी है चर्चा में
पार्टी की ओर से सांगठनिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई है। जिला अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान अध्यक्ष संजीव सिंह के अलावा उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार पांडेय खुन्नू, महामंत्री राधेश्याम त्यागी व राघवेंद्र पांडेय, अशोक कसौधन तथा पूर्व अध्यक्ष अवधेश पांडे बादल और महानगर अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान अध्यक्ष अभिषेक मिश्र के अलावा परमानंद मिश्र, डिप्पुल पांडेय, मनोज श्रीवास्तव, शैलेन्द्र कोरी, संजय शुक्ला दावेदारी कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें - अयोध्या : बिना लाइसेंस चर्चित बेकरी पर चल रहा था नॉनवेज का कारोबार, लाइसेंस होगा रद्द
