Unnao News: चार वाहन चोर गिरफ्तार, 17 बाइक बरामद, खंडहर में छिपा कर रखी थी, कानपुर, उन्नाव व गुजरात से की चोरी
उन्नाव में चार अंतर्जनपदीय वाहन चोर चढ़े पुलिस के हत्थे।
उन्नाव में पुलिस ने चार अंतर्जनपदीय वाहन चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। चोरों के पास से खंडहर में छुपा रखी 15 समेत 17 चोरी की बाइक बरामद की।
उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव की सदर कोतवाली पुलिस, स्वाट व सर्विलांस टीम को अंतर्जनपदीय वाहन चोरों को पकड़ने में सफलता मिली। इनकी निशानदेही पर एक खंडहर में छिपा के रखी 15 चोरी की बाइक समेत 17 वाहन बरामद हुए हैं। जो उन लोगों ने अलग-अलग जिलों के अलावा गुजरात से भी चोरी किये थे। एएसपी ने दावा किया कि मामले की विवेचना प्रारंभिक स्तर है। इनके सपोर्ट सिस्टम का पता लगाया जा रहा है।
बता दें कि बीती शाम सदर कोतवाली पुलिस अचलगंज तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो बाईकों में सवार तीन लोग पुलिस चेकिंग देख भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर ललित पुत्र शंकरलाल निवासी धर्मपुर सुसवन खुर्द थाना असोथर जिला फतेहपुर, शिवा पुत्र अवधेश शुक्ला, शिवा पुत्र अजय तिवारी निवासी कल्याणी देवी खजुरियाबाग सदर कोतवाली को पकड़ लिया। पकड़े गए लोग बाइकों के कागज नहीं दिखा पाए।
आशंका होने पर पुलिस सभी को कोतवाली लाई जहां कड़ाई से पूछताछ में तीनों ने बताया कि हम लोग बाइक चोरी करके बेच देते हैं। बताया कि उन्नाव व कानपुर सहित अन्य स्थानों पर चोरी की गई 15 बाइक हम लोगों ने कानपुर-लखनऊ हाईवे से पीडी नगर जाने वाले रास्ते पर यूएसडीए की खंडहर पड़ी बिल्डिंग में छिपा रखी हैं।
जिनकी निगरानी हमारा साथी संदीप विश्वकर्मा पुत्र अनिल कुमार निवासी सकहन सफीपुर कोतवाली कर रहा है। इसके बाद कोतवाली पुलिस स्वाट व सर्विलांस टीम के साथ पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर खंडहर पड़ी बिल्डिंग पहुंची। जहां से 15 बाइक समेत संदीप को पकड़ा गया। पकड़े गए सभी शातिर अपराधी हैं और ये पहले भी जेल जा चुके हैं। शनिवार को एएसपी शशि शेखर सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में बताया कि पकड़े चारों शातिर वाहन चोर हैं। इनका अंतर्जनपदीय नेटवर्क है।
इनके द्वारा कन्नौज, हरदोई व कानपुर के अलावा गुजरात से भी बाइक चोरी की गई थीं। एएसपी ने बताया कि इनका पूरा सिस्टम बना है जो वाहनों को ठिकाने लगाने का काम करता है। बताया कि विवेचना प्रारंभिक दौर में है। जांच कर इनके सपोर्ट सिस्टम का पता लगाने के साथ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में सदर कोतवाल अश्वनी मिश्रा व स्वाट प्रभारी देवी प्रसाद तिवारी के अलावा दारोगा सुभाष चंद्र व प्रवीण पुंज शामिल थे।
