Chitrakoot News: प्रसव पीड़िता को दो घंटे तक नहीं मिल पाई एंबुलेंस, आखिरकार निजी साधन से लगए अस्पताल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में प्रसव पीड़िता को दो घंटे तक नहीं मिल पाई एंबुलेंस।

चित्रकूट में प्रसव पीड़िता को दो घंटे तक एंबुलेंस नहीं मिल पाई। आखिरकार निजी साधन से ले अस्पताल जाया गया।

चित्रकूट, अमृत विचार। दावे और हकीकत अक्सर जुदा होते हैं। चिकित्सा सुविधा, मार्ग सुविधा आदि का ढिंढोरा पीटा जाना आसान है पर इसे हकीकत में तब्दील कराना कठिन। शनिवार को प्रसव पीड़ा से कराह रही ग्रामीण महिला को लगभग दो घंटे तक एंबुलेंस नहीं मुहैया कराई जा सकी। आखिरकार परिजन किसी तरह महिला को पैदल चलाकर सड़क तक पहुंचे और फिर किराये के साधन से पहाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

पूरा मामला पहाड़ी के सिधौली लोधनपुरवा गांव का है। यहां के निवासी सुशील ने बताया कि शनिवार को उसकी भाभी गीता को प्रसव पीड़ा हुई तो उसने 102 एंबुलेंस को फोन किया। इस पर वहां से बताया कि अभी वाहन व्यस्त चल रहे हैं। जब लगभग दो घंटे इंतजार करने के बाद जब एंबुलेंस नहीं आई तो किराये के साधन से अस्पताल लेकर जाना पड़ा। वहां डॉक्टरों द्वारा बताया गया कि अभी तीन दिन प्रसव नहीं होगा। पीड़िता की सास बेसनिया,  सुमन और देवर जागेश्वर के साथ आशा मुन्नी भी निजी साधन से अस्पताल पहुंचे।

सड़क भी खराब, गांव तक एंबुलेंस भी नहीं पहुंचती

भानपुर ग्राम पंचायत के सिधौली लोधनपुरवा में ठीकठाक रास्ता न होने के कारण भी एंबुलेंस सेवा नहीं पहुंचती। डिलीवरी के लिए महिलाओं को चारपाई में लिटाकर कुछ दूर पैदल जाना पड़ता है। हिमांशु राजपूत ने बताया कि नमामि गंगे योजना के तहत पाइपलाइन डालकर सड़क को और खराब कर दिया गया है। प्रेमचंद्र राजपूत का कहना है कि बरसात में हालात बेहद खराब हो जाते हैं। मरीज व गर्भवती महिलाओं को चारपाई में लिटाकर अस्पताल ले जाना पड़ता है। पीर अली का कहना है कि न यहां कोई एंबुलेंस सेवा और कोई भी साधन नही आ पाते हैं न बच्चे स्कूल जा पाते हैं।

प्रधान ने कहा, सबको है जानकारी

ग्राम प्रधान सिधौली शिवचरण अवस्थी ने बताया कि मार्ग 300 मीटर तक खराब है। ग्राम पंचायत इतनी बड़ी सड़क को नहीं बनवा सकती, बजट की समस्या है। नमामि गंगे की वजह से बरसात के दौरान ज्यादा समस्या आई है। जिले के सभी जिम्मेदार इस गाँव की सड़कों की समस्या से वाकिफ हैं। डीसी मनरेगा धर्मजीत सिंह के पास बीडीओ पहाड़ी का चार्ज है।उन्होंने कुछ दिन पहले गाँव आकर इस सड़क के जल्द बनाने के लिए कहा था। काम क्यों नहीं शुरू किया गया, वह बेहतर बता सकते हैं।

एडीएम बोले, पता लगाएंगे

एडीएम नमामि गंगे ने कहा है कि पूर्व में इसी गांव की एक खबर आई थी तब जल निगम को इसकी जानकारी भेजी थी। पुनः जानकारी ली जाएगी कि वहां क्या समस्या है और क्यों इसका निदान नहीं किया जा रहा है।

संबंधित समाचार