छत्तीसगढ़: हाथियों के दल ने महिला पर किया हमला, मौत
पत्थलगांव। छत्तीसगढ़ के जशपुर वन मंडल में हाथियों के हमले से एक महिला की मौत हो गयी। वन मंडल अधिकारी जितेंद्र उपाध्याय ने आज बताया कि बीती रात हाथियों के हमले में एक महिला और एक बैल की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बगीचा वनपरिक्षेत्र का जुरगुम गांव में किसान जगमोहन रात को अपने बैल का ईलाज कर रहा था।
इस दौरान अचानक तीन हाथियों ने किसान के घर पहुंच कर उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में बैल की मौत हो गई। रात को ही हाथियों के हमले की दूसरी घटना कांसाबेल वन परिक्षेत्र का देवरी गांव में हुई। यहां हाथियों ने स्मृति बाई नामक एक महिला को कुचल कर मार डाला। इस दौरान मृतक महिला के परिवार के एक सदस्य ने भाग कर काफी मुश्किल से अपनी जान बचाई। उपाध्याय ने बताया कि यहां कल ही छह गांव में हाथियों को लेकर ऐलर्ट जारी किया गया था। दरअसल, एक पखवाड़े से पत्थलगांव, कांसाबेल और बगीचा वनपरिक्षेत्र के 20 से अधिक गांवों में हाथियों के छह अलग-अलग दल विचरण कर रहे हैं। इन दल में शामिल 24 हाथियों का लगातार जंगल के समीप वाले गावों में जमकर उत्पात चल रहा है।
ये भी पढे़ं- चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री का प्रधानमंत्री को पत्र लिखना 16 लाख परिवारों के घावों पर नमक छिड़कने जैसा
