Fatehpur News : सात घंटे की बारिश ने बिगाड़ दिया शहर का हुलिया, नालियों उफनाई, जलभराव की समस्या ने खूब छकाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में सात घंटे से लगातार बारिश हो रही।

फतेहपुर में सात घंटे की बारिश ने शहर का हुलिया बिगाड़ दिया। रानी कालोनी, खलील नगर, विराट नगर, पठान मोहल्ला में सबसे ज्यादा जलभराव की समस्या है।

फतेहपुर, अमृत विचार। सीवर लाइन से अब तक अछूते दो लाख से ज्यादा आबादी वाले शहर को सात घंटे की बारिश ने पानी पानी करके रख दिया। जगह जगह जलभराव हो गया। जिससे राह चलना दूभर हो गया। नई सुबह शहरियों की खुलीं, जलभराव का मंजर देखकर चौंधियां गईं। तमाम इलाकों की राहें जलमग्न होने से यह ताल तलैया की याद तरोताजा कराती रहीं। रविवार का दिन होने से इस समस्या से निपटने को खुद इलाकाई मशक्त करते नजर आए। 

शनिवार की रात एक बजे से रविवार की सुबह आठ बजे तक जिस तरह से इंद्रदेव की आसमानी कृपा बरसी। उससे शहर का लगभग आधा हिस्सा पानी से तरबतर हो गया। रानी कालोनी, खलील नगर, पठान मोहल्ला, विराट नगर, तांबेश्वर नगर। यह कुछेक ऐसे इलाके रहे। जिनका सात घंटे की बरसात से चेहरा देखते बना। सड़़के ताल तलैया में तब्दील नजर आई।

आबूनगर से कलक्ट्रेट की राह दिखाने वाली सड़़क जलमग्नता का ऐसा पर्याय बनी नजर आई कि वाहनों को राह बदलते देखा गया।  हालात यह बन पड़े कि डीएसपी कार्यालय के आसपास बसी बस्तियों में घरों के सामने पानी भरने से यहां की जनता को इससे उबरने की कवायद में जुटे देखा गया। अस्ती वार्ड के विराट नगर की रोड पर सुबह इस तरह पानी चलता नजर आया जिसमें बस नाव चलने भर की कसर बाकी रह गई। 

3 अरब 11 करोड़ 25 लाख की स्वीकृति, फिर भी काम नहीं हो सका चालू

तीन दशक से इस शहर की जनता सीवर लाइन की मांग करती चली आई। अच्छी बात यह है कि जिले की सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति की पहल पर उनके दूसरे कार्यकाल में सीवर लाइन को इस शहर में बिछवाने की राह आसान कर दी। बकायदा इसके लिए 3 अरब 11 करोड़ 25 लाख रुपये की धनराशि भी स्वीकृत हो गई। यह दीगर बात है कि अभी तक इस ड्रीम प्रोजेक्ट पर काम नहीं चालू हो सका। नतीजा, एक और बारिश, शहरियों के लिए नासूर साबित होने लगी है। 

सिर्फ एक जगह चलता नजर आया पंपिंग सेट

पिछली मर्तबा की तरह इस बार भी सपा का ही सदर नगर पालिका परिषद में चेयरमैन है। अधिवक्ता राज कुमार मौर्या नगर पिता के रूप में चुने गए हैं लेकिन जलनिकासी की समस्या को लेकर वह अच्छी परफारमेंस दिखाने में ज्यादा सफल नहीं होते दिखाई दिए गए हैं। हाल यह रहे कि रात एक बजे से सुबह आठ बजे तक हुई बारिश से पानी पानी हुए शहर को इस समस्या से उबारने को महज खलील नगर में पंपिंग सेट चलता दिखाई दिया। 

याद आने लगा नजाकत का कार्यकाल

यही वजह रही कि जलभराव से जूझे शहरियों को पूर्व चेयरपरसन नजाकत खातून का कार्यकाल याद आ गया। चेयरपरसन के बेटे व सपा नेता हाजी रजा ने अपनी अम्मी के कार्यकाल में इस समस्या से शहरियों को मुक्त कराने की जिस तेजी से कवायद की। वैसा देखने को इस बार नहीं मिल सका। ऐसा इसलिए भी हुआ क्योंकि इस मर्तबा नाला सफाई का काम काफी देर से हुआ। यही कारण रहा कि इस बारिश, यह समस्या अभी से नासूर बनी नजर आ रही है। 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज