छत्तीसगढ़: सामान्य सभा की बैठक में सदस्य ने केरोसिन डालकर किया आत्मदाह का प्रयास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिला पंचायत में आज दोपहर सामान्य सभा की बैठक के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित सदस्य खूबलाल ध्रुव ने बैठक के दौरान ही अपने शरीर में केरोसिन उड़ेल कर आत्मदाह करने का प्रयास किया। हालांकि वहां मौजूद कुछ सदस्यों ने उन्हें ऐसा करने से रोक लिया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष कांति सोनवानी, उपाध्यक्ष नीशु चंद्राकर समेत लगभग सभी सदस्य मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें - गेमिंग मंच ‘हाइक’ ने 55 कर्मचारियों को दिखाया बाहर का रास्ता 

बताया जाता है कि 15 वें वित्त के मद से आवंटन होने वाली राशि को लेकर भेदभाव का आरोप लगाते हुए खूबलाल ने विरोध स्वरूप यह हथकंडा अपनाया। उन्हें पकड़ कर तत्काल जिला पंचायत सीईओ के कक्ष ले जाया गया, जहां केरोसिन को साफ करने के बाद स्वास्थ्य जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

इस घटना के बाद बैठक स्थगित कर दी गयी। अध्यक्ष कांति सोनवानी ने उनके इस कृत्य की निंदा करते हुए कहा कि ऐसा नहीं किया जाना चाहिए। राशि आवंटन में सदस्यों के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें - अधीर रंजन चौधरी ने कहा- प्रधानमंत्री चांद और चीता की बात करते हैं, लेकिन मणिपुर पर नहीं बोलते