संभल: दिन दहाड़े गैस सिलेंडर लदी पिकअप लूटी, दो भाई गिरफ्तार
घटना के एक घंटा बाद ही बरामद कर लिया गया लूटा वाहन, एक दूसरे को जानते थे वैन मालिक व आरोपी, पैसे के लेनदेन का बताया जा रहा मामला
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी व बरामद वाहन।
संभल/असमोली, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र में दिन दहाड़े गैस सिलेंडर लदी पिकअप वैन कार सवारों ने कथित तौर पर लूट ली। लूट करने वालों को पिकअप चालक अच्छी तरह जानता था। पुलिस ने एक घंटे में ही पिकअप व उसमें लदे सिलेंडर बरामद कर दोनों आरोपियों सगे भाईयों को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली।
असमोली थाने पर आकर शुक्रवार दोपहर को थाना हजरतनगर गढ़ी के ततारपुर बटऊवा निवासी अकरम ने सूचना दी कि दो सगे भाईयों सलमान व रिजवान निवासी कल्लू गढ़ी थाना डासना गाजियाबाद ने गुमसानी आईटीआई कॉलेज के पास उसकी पिकअप यूपी 11एटी 0804 के आगे अपनी कार लगाकर उसे नीचे धक्का दे दिया और पिकअप व उसमें लदे 50 खाली गैस सिलेंडर लूटकर ले गये।
थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु की गई तो मालपुर से रतूपुरा की तरफ जाने वाले रास्ते से सलमान व रिजवान को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से लूटी गई पिकअप के साथ ही खाली गैस सिलेंडर व घटना में इस्तेमाल कर भी बरामद कर ली गई। थाना प्रभारी ने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया। जब दोनों एक दूसरे को नाम पते सहित जानते थे तो लूट क्यों की गई,इसके जवाब में थाना प्रभारी ने कहा कि यह सब जांच में पता चलेगा।
ये भी पढ़ें:- रामपुर में नहीं थम रहा जच्चा-बच्चा की मौत सिलसिला...जानिए अब क्या हुआ?
