Kanpur: मुंह में कपड़ा ठूंसकर पीटते थे देवर-जेठ, अवैध संबंध का भी बनाते दबाव, महिला ने चुनी मौत, जानें- पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी।

कानपुर के बाबूपुरवा थानाक्षेत्र में महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी। महिला ने देवर व जेठ पर अवैध संबंध का दबाव बनाने पर मारपीट के आरोप लगाए।

कानपुर, अमृत विचार। बाबूपुरवा थानाक्षेत्र में देवर व जेठ पर अवैध संबंध का दबाव बना मारपीट करने और पुलिस के कार्रवाई न करने से आजिज महिला के फंदा लगाकर जान देने के मामले में बस्ती के लोगों ने भी दोनों आरोपियों को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का कहना था कि घटना से एक रात पहले महिला ने बस्ती में पुलिस के सामने उनकी हरकतों को बताया और कहा था कि दोनों उसके मुंह पर कपड़ा ठूंसकर पीटते थे। पुलिस ने महिला के भाई-पिता और पति के बयान दर्ज भी किए। वहीं, शुक्रवार को हुए पोस्टमार्टम में फंदा लगाकर आत्महत्या की पुष्टि हुई है।

मूलरूप से उन्नाव के मंगतखेड़ा निवासी 35 वर्षीय महिला की शादी बाबूपुरवा क्षेत्र के पल्लेदार से हुई थी। मंगलवार को महिला ने देवर-जेठ पर अवैध संबंध का दबाव बनाने, मारपीट कर प्रताड़ित करने और शिकायत पर पागल बताने का पुलिस से आरोप लगाया था। बस्ती के लोगों के अनुसार बुधवार रात पुलिस के सामने महिला ने कई और गंभीर आरोप लगाए थे।

आरोप था कि दोनों उसके मुंह पर कपड़ा ठूंसकर पीटते थे, जिससे आवाज बाहर न जाए। पुलिस अगर दोनों को उसी रात पकडक़र ले जाती तो महिला शायद गुरुवार को फंदा लगाकर जान न देती। शाम करीब पांच बजे दरवाजा न खुलने पर महिला के बड़े बेटे ने रोशनदान से झांककर देखा तब घटना की जानकारी हुई। आसपड़ोस की महिलाओं ने बताया कि देवर-जेठ नशेबाज थे और कोई काम नहीं करते थे। उसका पति ही घर का खर्च चलाता था।

इस संबंध में बाबूपुरवा थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि देवर पर शांतिभंग में कार्रवाई की गई है वहीं जेठ फरार है। तहरीर न मिलने पर मुकदमे में कोई और धारा नहीं बढ़ाई जाएगी।

संबंधित समाचार