छत्तीसगढ़: नकली इनपुट टैक्स क्रेडिट प्राप्त करने के आरोप में व्यापारी गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर विभाग ने 10.14 करोड़ रुपए का नकली ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ प्राप्त करने के आरोप में एक व्यापारी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि विभाग ने अस्तित्वहीन फर्म के माध्यम से 10.14 करोड़ रुपए का नकली ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ प्राप्त करने के आरोप में व्यापारी संजय शेंडे को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि विभाग ने खुफिया जानकारी के आधार पर मैसर्स ज्योति ट्रेडिंग एंड कंपनी, मेसर्स क्लिफो ट्रेडिंग कंपनी, मेसर्स एसएस इंडस्ट्रीज और मेसर्स साई इंटरप्राइजेज के परिसर में छापा मारा था क्योंकि विभाग को शिकायत मिली थी कि यह व्यापारिक संस्थान वस्तुओं या सेवाओं की आपूर्ति के बगैर नकली ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ का लाभ उठा रहे हैं और बड़े पैमाने पर जीएसटी की चोरी में लगे हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान जानकारी मिली कि इन चार फर्मों को नियंत्रित करने वाले संजय शेंडे फर्जी ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ का लाभ उठाने में शामिल हैं । उन्होंने बताया कि शेंडे ने अस्तित्वहीन फर्म के माध्यम से 10.14 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट प्राप्त किया और उसका उपयोग किया।
उन्होंने बताया कि यह भी जानकारी मिली कि नई दिल्ली स्थित 22 अस्तित्वहीन तथा अकार्यशील फर्म ने बिना किसी सामान और सेवाओं की आपूर्ति के नकली बिल तैयार किया है और इन फर्मों को जारी किया है। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी विभाग ने फर्जी बिलिंग के कारोबार में शामिल करदाताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
ये भी पढ़ें- रोजगार के क्षेत्र में आईटीआई पास युवाओं की बहुत आवश्यकता: भूपेश बघेल
