Independence Day 2023 : काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया स्वतन्त्रता दिवस
वाराणसी, अमृत विचार। देश का स्वतन्त्रता दिवस आज काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सुधीर कुमार जैन ने मालवीय भवन पर ध्वजारोहण किया। इसके उपरान्त कुलपति प्रो. जैन ने एमफीथिएटर ग्राउण्ड पर झण्डा फहराया, एमफीथिएटर ग्राउण्ड पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। सेन्ट्रल हिन्दू गर्ल्स स्कूल के नन्हे-मुन्हे विद्यार्थियों ने देश भक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मुग्ध कर दिया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के उपरांत हमें विचार करना चाहिए कि हम विकास के पथ पर कहाँ पहुँचे हैं। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के संस्थापक महामना मालवीय जी ने 100 वर्ष पूर्व ये सोचा था कि हम एक युवा पीढ़ी तैयार करेंगे जो देश के काम आयेगी। आज हमें सोचना होगा कि हम विश्वविद्यालय के लिए कितना बेहतर कर सकते हैं। आज हमें संकल्प लेना होगा कि मालवीय जी की संकल्पना के अनुरूप हम सब मिलकर काम करें।
कुलपति प्रो. जैन ने इण्टरनेशनल हास्टल ,विश्वविद्यालय स्थित सरसुन्दर लाल चिकित्सालय, ट्रामा सेन्टर, सहित समस्त संस्थानों, संकायों विभागों, छात्रावासों एवं प्रमुख भवनों पर झण्डा फहराया।
केन्द्रीय कार्यालय पर कुलसचिव प्रो. अरूण कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया। अपने संदेश में प्रो. सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता के उपरान्त आज हम जिस मुकाम पर पहुँचे हैं वो लंबे संघर्ष के उपरान्त हासिल हुआ है, स्वतंत्रता आन्दोलन में शहीद हुए कुछ लोगों को हम जानते हैं लेकिन बड़ी संख्या में ऐसे लोगों ने भी अपनी कुर्बानी दी, जिनके बारे में हम नहीं जानते हैं। स्वतंत्रता आन्दोलन में शहीदों के प्रयासों की बदौलत आज हम प्रगति के नए सोपान पर हैं तथा एक शक्ति के रूप में उभरे हैं।
.jpg)
इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन सहायक कुलसचिव सामान्य प्रशासन अशोक शर्मा ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन संयुक्त कुलसचिव डॉ. नन्द लाल ने दिया। इस अवसर पर वित्ताधिकारी डॉ. अभय कुमार ठाकुर, परीक्षा नियंता प्रो. एन.के. मिश्रा.,संयुक्त कुलसचिव (वित्त) डॉ. संजय कुमार सहित अधिकारी, कर्मचारीगण मौजूद थे।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : मिडडे मील में शामिल हुआ श्रीअन्न, बदला गया मेन्यू
