लखनऊ: डीटीसी ने आरटीओ कार्यालय में मारा छापा, भागने लगे दलाल
लखनऊ, अमृत विचार। परिवहन विभाग परिक्षेत्र लखनऊ के उप परिवहन आयुक्त सुरेन्द्र कुमार ने शनिवार को ट्रांसपोर्टनगर आरटीओ कार्यालय में छापेमारी की। डीटीसी के आरटीओ कार्यालय में पहुंचने की सूचना मिलते ही आरटीओ कार्यालय के सभी काउंटरों पर काम करने वाले प्राइवेट बाहरी कर्मचारियों और दलालों में हड़कम्प मच गया है।
आनन फानन में बाबूओ का कार्य कर रहे निजी सहायक और दलाल भागने लगे। चंद मिनटों में कार्यालय के परिसर में सन्नाटा पसर गया। दलालों और निजी सहायकों के काम करने की जानकारी पर डीटीसी ने नाराजगी जताते हुये बाहरी कर्मचारी और दलाल मुक्त कार्यालय बनाने के कड़े निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि आगे से अगर कोई एक भी दलाल या काउंटरों पर बाहरी कर्मचारी कार्य करते नजर आये तो संबंधित अधिकारी कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी । इसके अलावा चार नंबर कमरे में परमिट अनुभाग में पत्रावलियों की जांच की।
डीटीसी ने बताया कि परमिट अनुभाग में गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। मौके पर पत्रावलियों की जांच की गई। जिसमें सभी तरह के कागजात उपलब्ध पाए गए। मौके पर किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं मिली। वहीं परिसर के काउंटर पर आवेदकों की भीड़ देखकर जल्द काम निपटाने के निर्देश कर्मियों को दिए। सर्वर रूम में डाटा फीडिंग को लेकर कागजात तलब किया। उन्होंने आरटीओ कार्यालय को स्वच्छ,साफ रखने पर जोर दिया।
मौके पर मौजूद आरटीओ कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों को निर्देश देते हुये कहा कि यहां पर काम कराने आने वाले आवेदकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो साथ ही प्राथमिकता के आधार पर उनका कार्य निस्तारण किया जाये। कार्यालय में शौचालय और पानी की पीने की व्यवस्था बेहतर की जाये। इस दौरान आरटीओ प्रवर्तन संदीप कुमार पंकज, एआरटीओ प्रवर्तन अमित राजन राय, आरआई प्रशांत कुमार मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-यादव समाज का अहित चाहती है सपा: बोले पूर्व विधायक शिवप्रसाद- ‘सैफई परिवार’ ने पूरे प्रदेश को बर्बाद कर दिया
