बरेली: MJPRU के प्रो. केपी सिंह फिर बने कुलपति
बरेली, अमृत विचार। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रो. केपी सिंह को एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय का एक बार फिर कुलपति नियुक्त किया है। कुलाधिपति के अपर मुख्य सचिव डॉ. सुधीर एम बोबडे ने शनिवार को नियुक्ति का आदेश जारी किया। कुलपति का कार्यकाल 16 अगस्त को समाप्त हो गया था। 16 अगस्त को राज्यपाल ने प्रो. केपी सिंह को अग्रिम आदेश तक कुलपति नियुक्त किया था। अब वह तीन साल तक कुलपति रहेंगे। इससे पहले प्रो. जाहिद हुसैन का वर्ष 1999 और 2022 में दो बार कार्यकाल रहा है।
कुलपति प्रोफेसर केपी सिंह ने 17 अगस्त 2020 को कार्यभार ग्रहण किया था। कुलपति के तीन साल के कार्यकाल में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू करने वाला प्रदेश का पहला विश्वविद्यालय बना। विश्वविद्यालय ने 14 संघटक सरकारी कॉलेजों का अधिग्रहण किया है, जो किसी भी राज्य विश्वविद्यालय में सबसे अधिक संख्या है। कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और एमओयू स्थापित किए गए हैं।
रुहेलखंड इन्क्यूबेशन फाउंडेशन, पंजीकृत पूर्व छात्र संघ, अनुसंधान निदेशालय समेत कई निदेशालय और सेल का गठन हुआ। पिछले दो वर्षों में संकाय सदस्यों को रिकॉर्ड संख्या में 2.0 करोड़ रुपये की अनुसंधान एवं विकास परियोजनाएं और उत्कृष्टता केंद्र परियोजनाएं प्रदान की गई हैं। विश्वविद्यालय ने नैक में ए डबल प्लस रैंक प्राप्त की। इसके अलावा ईडू रैंकिंग में राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया। कुलपति की दोबारा नियुक्ति पर शिक्षकों और कर्मचारियों ने बधाई दी।
ये भी पढे़ं- बरेली: तीन साल बाद बना शुभ योग, सोमवार को नागपंचमी
