बरेली: पुलिस की एफआईआर... हमें बंधक बनाया, कांच की बोतलें ईंट-पत्थर फेंके, लाठी-डंडों से पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। इंस्पेक्टर शीशगढ़ विजय कुमार सिंह की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में जो घटनाक्रम बताया गया है, उससे साफ जाहिर है कि इस कस्बे में हुआ उपद्रव दंगे की शक्ल अख्तियार करने से बाल-बाल बच गया। 

एफआईआर में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट पर विवाद होने के बाद कुछ लोगों के उकसाने पर उपद्रवियों ने पुलिस वालों को घेरकर जानलेवा हमला किया था। उन पर कांच की बोतलें, ईंटें और पत्थर फेंकने के साथ बंधक बना लिया गया और लाठी-डंडे से पीटा। इसमें एक दरोगा समेत चार पुलिस कर्मी गंभीर घायल हो गए थे। इसी कारण इस एफआईआर में जानलेवा हमले का आरोप लगाया गया है।

इंस्पेक्टर विजय कुमार के मुताबिक 18 अगस्त की रात साढ़े आठ बजे सूचना मिली थी कि कस्बे में बरेली बस अड्डे के पास रहने वाले एक किशोर की दूसरे धर्म के विरुद्ध की गई टिप्पणी वायरल हो गई है। रात करीब सवा नौ बजे बरेली बस अड्डे के मुख्य मार्ग पर दूसरे समुदाय के चार-पांच सौ लोग लाठी-डंडे, लोहे की राड, कांच की बोतलें, ईंट-पत्थर और नाजायज अस्त्र-शस्त्र लेकर इकट्ठे हो गए और रोड को जाम कर दिया। नारेबाजी करते हुए आने-जाने वाले लोगों पर पथराव शुरू कर दिया। इससे बस अड्डे और उसके आसपास अफरातफरी मच गई। लोग दुकानें बंद कर भागने लगे।

इंस्पेक्टर के मुताबिक वह इस सूचना पर एसआई दिलशाद खां, देवराज सिंह, पवन कुमार, ओमपाल सिंह, सत्येंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, नरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह के साथ नौ हेड कांस्टेबल और 15 पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया लेकिन वे प्राणघातक हमला करने पर आमादा हो गए। कुछ लोग दूसरे समुदाय के लोगों को उकसा रहे थे। 

उन्होंने फोन पर उच्चाधिकारियों को हालात की जानकारी देकर और फोर्स की मांग की। इसी बीच उपद्रवियों ने धार्मिक टिप्पणी करने वाले किशोर का घर घेर लिया और गालीगलौज करते हुए हमला करने की कोशिश शुरू कर दी। घर पर ईंट-पत्थर फेंके तो किशोर का परिवार अंदर बंद हो गया। उग्र लोगों को बार-बार मना किया गया लेकिन वे नहीं माने।

एफआईआर में कहा गया है कि उपद्रवी ने इसके बाद जान लेने की मंशा से पुलिस वालों पर ईंट-पत्थर और कांच की बोतलें फेंकने लगे। लाठी-डंडे के साथ लोहे की राड उन पर चलाने लगे। इस हमले में एसआई राहुल शर्मा, सिपाही प्रीत सिवाल, विक्की, कपिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। कई थानों की फोर्स के साथ एक प्लाटून पीएसी पहुंचने के बाद उपद्रवी भाग निकले।

सपा की चेयरमैन के पति का भतीजा गिरफ्तार, भाई भी नामजद
सपा की नगर पंचायत चेयरमैन पति के भाई शुजात हुसैन उर्फ पप्पू और नाबालिग भतीजे के विरुद्ध भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने चेयरमैन के पति के भतीजे को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेजा है। भाई को फरार बताया गया है।

ये भी पढे़ं- बरेली: मरीजों को मिलेगा जल्द इलाज, 362 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर हुए क्रियाशील

 

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज