बरेली: मरीजों को मिलेगा जल्द इलाज, 362 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर हुए क्रियाशील
बरेली, अमृत विचार। टेली मेडिसिन की सुविधा बेहतर करने और मरीज को घर के पास इलाज मुहैया कराने के लिए जिले में 362 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित करने का कार्य पूरा हो गया है। जिन सेंटरों पर कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) नहीं थे, वहां उनकी तैनाती कर दी गई है। जहां स्टाफ और उपकरण की कमी थी, उसे भी पूरा किया जा रहा है।
सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने बताया कि इन सेंटर पर प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवा, गैर संचारी रोगों का इलाज और दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। करीब पांच हजार की आबादी पर एक सेंटर का संचालन किया जा रहा है। शहर में 52 सेंटर व अन्य देहात क्षेत्र में क्रियाशील कर दिए गए हैं। भविष्य में नए सेंटर बढ़ाने को कवायद जारी रहेगी।
टेलीमेडिसिन सुविधा में सुधार की उम्मीद
बीते दिनों प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण ने समीक्षा बैठक के दौरान हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों से टेली कंसल्टेंसी की सुविधा की स्थिति अच्छी नहीं होने पर नाराजगी जताई थी। इसपर सीएमओ ने सभी सेंटरों के सीएचओ को मरीजों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इससे टेलीमेडिसिन सुविधा में सुधार की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- बरेली: महिला को बदनाम करने के लिए भेजे अश्लील मेसेज, रिपोर्ट दर्ज
