Mahoba में सड़कों पर उतरे छात्र-छात्राएं, ध्वस्त मार्ग के निर्माण को लेकर लगाया जाम, घंटों यातायात रहा बाधित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महोबा में ध्वस्त मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने लगाया जाम।

महोबा में ध्वस्त मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने जाम लगा दिया। तीन घंटे तक जाम लगा रहने से तमाम वाहन जाम में फंसे रहे। जिससे यातायात व्यवस्था भी बाधित रही।

महोबा, अमृत विचार। उबड़ खाबड़ मार्ग निर्माण मांग को लेकर पनवाड़ी बुड़ेरा मार्ग पर मसूदपुरा तिराहे के पास नेहरु अखंड इंटर कालेज के छात्र छात्राओं ने सड़क पर साइकिलें खड़ी करके मसूदपुरा बुड़ेरा मार्ग जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहने से भारी संख्या में ट्रक व अन्य वाहन फस गए। आवागमन ठप हो जाने से मौके पर पहुंची पुलिस की छात्र छात्राओं ने एक नहीं सुनी और जाम स्थल पर नारेबाजी करते रहे।

मामला बढ़ता देखे उपजिलाधिकारी कुलपहाड़ जितेंद्र कुमार व सीओ कुलपहाड़ हर्षिता गंगवार भारी पुलिस फोर्स के साथ जाम स्थल पर पहुंचे और छात्र छात्राओं को समझाने बुझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र मार्ग निर्माण कराने मांग को लेकर डटे रहे।

बाद में उपजिलाधिकारी ने जिले के आला अधिकारियों से वार्ता करने के बाद जाम लगाए छात्र छात्राओं को 24 घंटे के अंदर मसूदपुरा बुडेरा मार्ग निर्माण कराए जाने और कालेज प्रारम्भ के समय व छुट्टी के समय भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाए जाने के आश्वासन देने के बाद जाम खुला। जाम खुलने के बाद तीन घंटे तक जाम में फंसे वाहन चालकों व अन्य लोगों ने राहत की सांस ली।

नेहरु अखंड इंटर कालेज मसूदपुरा में स्योढ़ी गांव सहित कई गांव के छात्र छात्राएं पढ़ने जाते हैं। स्योढ़ी और मसूदपुरा गांव का मार्ग जर्जर हो जाने के कारण उल्टा सीधा ट्रकों के चलने से आएदिन छात्र छात्राएं ट्रकों की चपेट में आकर घायल हो जाते हैं।

कई विद्यार्थियों के घायल हो जाने पर कानपुर, झांसी मेडिकल कालेज उपचार के लिए ले जाया गया। इतना ही नहीं छात्राएं उबड़ खाबड़ मार्ग के चलते भी सड़कों पर गिरकर घायल हो जाती है। अधिकारियोें को कई बार अवगत कराने के बाद भी स्कूल समय पर ट्रक बंद कराए गए और न ही रोड का निर्माण कराया गया, इससे छात्र छात्राओं का सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा।

सोमवार को सुबह करीब दस बजे कालेज पहुंचे छात्र छात्राओं ने ध्वस्त पड़े मार्ग और उस पर दौड़ रहे ट्रकों से दुर्घटनाओं का खतरा बताते हुए मसूदपुरा तिराहे पर साइकिलें रोड पर खड़ी करके मार्ग पर बैठकर जाम लगा दिया। मार्ग पर बालू से भरे ट्रक अधिक निकलते हैं, जिससे मार्ग पर जाम लगा होने से यातायात व्यवस्था ठप हो गई। जाम के चलते ट्रकों, डंफरों के साथ साथ भारी वाहन जाम में फंस गए।

जिसकी सूचना मिलते ही एसडीएम, सीओ कुलपहाड़ जाम स्थल पर पहुंचे और छात्र छात्राओं को समझा बुझाकर जाम खोलने का निवेदन किया, लेकिन छात्र छात्राओं ने एक नहीं सुनी। छात्र छात्राओं ने बताया कि सिंगल रोड होने के कारण अक्सर वह घायल हो जाते हैं, जिस पर एसडीएम ने सिंगल रोड का चैबीस घंटे के अंदर निर्माण कार्य शुरु कराने और सीओ ने मसूदपुरा तिराहे पर पुलिस कर्मचारियों की तैनाती कर स्कूूल के समय वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाए जाने का आश्वसन दिया, इसके बाद दिन में एक बजे जाम खुल सका, जिससे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।

 

संबंधित समाचार