मुरादाबाद: किसी कीमत पर एमडीए को नहीं देंगे जमीन, मंडलायुक्त को सौंपा ज्ञापन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भाकियू टिकैत ने किया प्रदर्शन, बाढ़ से हुए फसलों के नुकसान का मुआवजा देने की मांग

मुरादाबाद, अमृत विचार। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बैनर तले किसानों ने मंडलायुक्त कार्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। किसानों का प्रतिनिधिमंडल मंडलायुक्त से मिला। किसानों ने दो टूक कहा कि मुरादाबाद विकास प्राधिकरण को किसी भी कीमत पर जमीन नहीं देंगे। साथ ही जनपद में जिन क्षेत्रों में बाढ़ से फसलों को नुकसान हुआ है, उन किसानों को मुआवजा दिलाया जाए। जिस पर मंडलायुक्त ने समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया।

सोमवार को जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी के नेतृत्व में किसान मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन कर नारेबाजी की। किसानों ने मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। जिसमें मांग की गई कि मुरादाबाद विकास प्राधिकरण नई कालोनी बसाने के लिए किसानों की जमीन का अधिग्रहण कर रहा है। 7000 किसानों ने लिखित में दिया है कि एमडीए को जमीन नहीं देंगे, फिर जबरदस्ती किसानों की जमीन न ली जाए। 

इसके अलावा मूंढ़ापांडे क्षेत्र समेत दूसरे इलाकों में बाढ़ ने फसलों को तबाह कर दिया। उन पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाया जाए। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने और छुट्टा पशुओं से राहत दिलाने की मांग की। इस मौके पर भाकियू टिकैत के राष्ट्रीय सचिव चौधरी नौ सिंह ढिल्लो, चौधरी ऋषिपाल सिंह, रणवीर सिंह, युद्ववीर सिंह, सुरेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह आदि किसान मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:- रामपुर : बेटे से सास-ससुर बोले- ' बीवी को जान से मार दो हम तुम्हारी दूसरी शादी कर देंगे...'

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज