बरेली: स्नातक में 1.10 लाख हुए प्रवेश, 1.56 लाख हुए पंजीकरण
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में पहले चरण के तहत सोमवार रात तक प्रवेश हुए। अब तक एक लाख 10 हजार प्रवेश हो गए हैं। वहीं दूसरे चरण के तहत 23 अगस्त तक पंजीकरण होंगे। अब तक एक लाख 56 हजार प्रवेश पंजीकरण हो गए हैं। हालांकि अभी बरेली कॉलेज समेत कई महाविद्यालयों में पहले चरण के तहत पंजीकृत छात्रों के प्रवेश ही पूरे नहीं हो सके हैं।
विश्वविद्यालय ने स्नातक प्रथम में प्रवेश की प्रक्रिया 17 जून से शुरू की थी। इसके तहत 18 अगस्त तक महाविद्यालयों को मेरिट जारी कर प्रवेश लेने थे लेकिन कई महाविद्यालयों में प्रवेश नहीं हो सके तो तिथि बढ़ाकर 21 अगस्त कर दी गई। इसके अलावा 11 अगस्त से द्वितीय चरण के तहत पंजीकरण शुरू किए गए। पंजीकरण की अंतिम तिथि 23 अगस्त है। हालांकि अभी भी कई कॉलेजों में सीटें रिक्त रह गई हैं, ऐसे में प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है। वहीं बीकॉम और बीएससी अंतिम वर्ष का परिणाम जारी होने के बाद परास्नातक में पंजीकरण की संख्या अब बढ़नी शुरू हो गई है। अब बीए का परिणाम आने के बाद पंजीकरण बढ़ेंगे।
बरेली कॉलेज में आज होगा अगली मेरिट पर निर्णय
बरेली कॉलेज में पांचवी मेरिट में शामिल छात्रों के सोमवार तक प्रवेश हुए। अब मंगलवार को कॉलेज छटवीं मेरिट जारी कर सकता है। मुख्य प्रवेश नियंत्रक वंदना शर्मा ने बताया कि पहले आवेदन करने वालों को मौका दिया जाएगा, उसके बाद पूर्व की मेरिट में छूटे हुए छात्रों के प्रवेश पर विचार किया जाएगा। इनकी अलग से मेरिट जारी की जा सकती है। बरेली कॉलेज में बीए में 1840 सीटों के सापेक्ष 1685, बीकॉम में 880 सीटों के सापेक्ष 809, बीएससी जीव विज्ञान में 720 सीटों के सापेक्ष 677 और बीएससी गणित में 880 सीटों के सापेक्ष 629 प्रवेश हो चुके हैं।
बीफार्म की रिक्त सीटों पर 30 तक पंजीकरण
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में संचालित बीफार्मा प्रथम वर्ष में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए 30 अगस्त तक पंजीकरण होंगे। प्रो. शोभना सिंह ने बताया कि ओपन की एएफ, एफएफ, ओबीसी की एफ, पीएच, एससी की एएफ, एसटी की सामान्य और महिला की सीटें रिक्त हैं।
ये भी पढे़ं- ग्रेटर बरेली: 580 भूखंड के लिए हो गए 838 पंजीकरण
