आपरेशन त्रिनेत्र : UP पुलिस ने किया 295 मामलों का खुलासा, लगाए गए 3.36 लाख CCTV कैमरे
लखनऊ, अमृत विचार। यूपी पुलिस के आपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से पिछले एक अरसे में कुल 295 मामलों का खुलासा किया जा सका है। राज्य पुलिस के मुखिया डीजीपी विजय कुमार ने गुरुवार को इसे लेकर बयान जारी किया है।
डीजीपी ने बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसी कैमरे की मदद से करीब 295 घटनाओं का खुलासा हुआ है। जिसमें हत्या की 17, डकैती व लूट की 52, अपहरण की 12, बलात्कार व छेड़छाड़ की आठ, चोरी की 171 व अन्य अपराध की 35 घटनाएं शामिल हैं। इस अभियान के तहत 23 अगस्त तक 189365 स्थानों पर 336383 सीसी कैमरे लगवाए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधों का जल्द से जल्द सही खुलासा कर पुलिस के प्रति विश्वास की भावना बढ़ाने उद्देश्य से बीती दस जुलाई से आपरेशन त्रिनेत्र अभियान चलाया जा रहा है। इसमें महत्वपूर्ण चौराहों, तिराहों, पार्क, होटल, गेस्ट हाउस, ढाबा, स्कूल, फैक्ट्री, सर्राफा प्रतिष्ठान, व्यापरिक प्रतिष्ठान, बैंक, ग्राहक सेवा केंद्र, पेट्रोल पम्प, मोबाइल टॉवर, धार्मिक स्थलों और शराब की दुकानों पर नागरिकों के सहयोग से सीसी कैमरे लगवाए जा रहे हैं। यह कैमरे पुलिस कर्मियों की तरह ही अपराधियों पर 24 घंटे नजर रखते हैं। इनकी मदद से पुलिस को बड़ी घटनाओं का खुलासा करने में मदद मिली है। इन सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनीटरिंग सीधे थाने पर स्थापित कंट्रोल रूम में एलईडी स्क्रीन या वीडियो वॉल पर देखी जाती है। अभियान की मॉनीटरिंग के लिए तकनीकी सेवाएं मुख्यालय द्वारा एक पार्टल भी बनाया गया है। अभियान की प्रतिदिन समीक्षा एडीजी रेलवे द्वारा एवं अभियान का प्रतिदिन पर्यवेक्षण स्वयं डीजीपी द्वारा किया जा रहा है।
बताया गया कि जितने स्थानों पर इस आपरेशन के तहत जितने सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, अगर उतने स्थान पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती तो तकरीबन 11 लाख पुलिस कर्मियों को तैनात करना पड़ता। लखनऊ, वाराणसी, आगरा, प्रयागराज, नोएडा, गाजियाबाद और कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में 32544 जगह पर 6633 सीसी कैमरे लगाए गए है। वहीं अन्य जिलों में 83302 जगह पर 176162 सीसी कैमरे लगाए गए हैं।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : बाढ़ को लेकर सिंचाई विभाग लगातार कर रहा है निगरानी, बचाव की तैयारी पुख्ता
