चंद्रयान-3 के बाद अब मिशन आदित्य की ट्रैकिंग करेगी Unnao की बेटी, इसरो के कमांड सिस्टम में दे रही योगदान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चंद्रयान-3 के बाद अब मिशन आदित्य की ट्रैकिंग जिले की बेटी करेगी।

चंद्रयान-3 के बाद अब मिशन आदित्य की ट्रैकिंग जिले की बेटी करेगी। बांगरमऊ क्षेत्र के गांव नसिरापुर की रहने वाली वैज्ञानिक की सफलता से क्षेत्रवासी गदगद है।

उन्नाव, अमृत विचार। मिशन चंद्रयान-3 में शामिल रही क्षेत्र के एक गांव की इंजीनियर बेटी अब भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) के आगामी मिशन आदित्य की ट्रेकिंग करेगी। इस खबर से नगर व क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। इससे क्षेत्रीय लोगों का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है। 
बता दें कि बांगरमऊ क्षेत्र के गांव नसिरापुर निवासी इंद्रपाल कटियार रेलवे में चीफ विजिलेन्स ऑफिसर स्टोर के पद पर तैनात हैं। उनकी पत्नी विनीता कटियार प्रयागराज में शिक्षक हैं। उनकी बेटी दिशी बचपन से माता-पिता के सानिध्य में रहकर प्रयागराज में ही शिक्षा ग्रहण करती रही है। इसरो प्रशासन ने दिशी को मिशन आदित्य एल-1 की ट्रेकिंग टीम में शामिल किया है।

इस मिशन में दिशी इसरो के कंट्रोल एंड कमांड सिस्टम में साइंटिस्ट-सी के तौर पर योगदान दे रही हैं। दिशी को इलेक्ट्रॉनिक एंड टेली कम्युनिकेशन में विशेषज्ञता हासिल है। उसने वर्ष-2019 में एनआईटी दुर्गापुर से बीटेक किया था। इसके बाद सन-2022 में वह इसरो में बतौर साइंटिस्ट चयनित हो गई थीं।

खास बात यह है कि साइंटिस्ट दिशी चंद्रयान-3 को सफलता पूर्वक चांद के दक्षिणी ध्रुव पर उतारने वाली ट्रेकिंग टीम में भी शामिल रही हैं। दिशी की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही नगर व क्षेत्र के सैकड़ों लोग वैज्ञानिक के पैतृक आवास गांव नसिरापुर पहुंचे और उनके चाचा भानु कटियार व डा. इंद्र विक्रम कटियार को बधाइयां दीं।

संबंधित समाचार