Auraiya News: सेल्फी लेने में बिगड़ा संतुलन, यमुना पुल में जा गिरी युवती, देवकली मंदिर में दर्शन करने आई थी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

औरैया में यमुना पुल से युवती नीचे जा गिरी।

औरैया में देवकली मंदिर में दर्शन करने आई युवती यमुना पुल से सेल्फी लेने लगी। इस बीच संतुलन बिगड़ने पर यमुना में गिर गई।

औरैया, अमृत विचार। सावन के अंतिम सोमवार को परिजनों व सहेलियों के साथ देवकली मंदिर में दर्शन को आई युवती यमुना पुल से सेल्फी लेने लगी। इस बीच उसका संतुलन बिगड़ गया और वह यमुना में जा गिरी। आस पास के लोगों ने देखा तो चिल्लाना शुरु किया। गोताखोरों ने किसी तरह युवती को यमुना से बाहर निकाला। कोतवाल पंकज मिश्रा तत्परता दिखाते हुए अपनी पुलिस जीप से युवती को जिला अस्पताल ले गए। यहां युवती का उपचार किया जा रहा है।

कोतवाली के गांव सुरान के मजरा केसरी का पूर्वा निवासी 20 वर्षीय संध्या पुत्री सिपाही लाल अपने भाई, सहेलियों व गांव के लोगों के साथ देवकली मंदिर दर्शन को आई थी। सावन के अंतिम सोमवार को मंदिर में भीड़ भी थी। दर्शन के बाद मंगला काली दर्शन करते हुए यमुना पुल पर सहेलियों के साथ पहुंच गई। जहां पर सहेलियों के साथ सेल्फी लेने के चक्कर में युवती का पैर फिसल गया। जिससे वह नदी में गिर गई।

सूचना पर कोतवाल पंकज मिश्रा पहुंचे और बाढ़ को देखते तैनात एसडीआरएफ टीम को सूचना दी। एएसडीआरएफ ने युवती को निकाला और कोतवाल ने अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने युवती का उपचार किया। कोतवाल पंकज मिश्रा ने बताया कि युवती को सुरक्षित यमुना नदी से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

संबंधित समाचार